DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

फ्रेंडशिप डे पर बालोद में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक को 200 मीटर तक घसीटा, जगन्नाथपुर और परसदा के दो युवकों की मौत, तीन गंभीर

बालोद। फ्रेंडशिप डे की शाम बालोद जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रविवार शाम एनएच-930 दल्लीराजहरा मार्ग पर गोंदली नहर के आगे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को लगभग 200 मीटर तक घसीट दिया। घर्षण के कारण बाइक में आग लग गई। हादसे में ग्राम जगन्नाथपुर निवासी 21 वर्षीय गेमन लाल देशमुख और ग्राम परसदा निवासी 23 वर्षीय अरुण साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बालोद शहर से लगभग तीन किलोमीटर दूर गोंदली नहर के पास हुई। दो बाइकों की टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और काफी दूर तक घसीटता चला गया। बाइक ट्रक में फंस गई, जिससे उसमें आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

हादसे में याशु देशमुख (18 वर्ष), नरेंद्र निषाद (31 वर्ष) और पोषण कुमार गोयल (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लगभग 40 मिनट की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने बाइक में लगी आग पर काबू पाया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक की चपेट में आने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।सोमवार को सुबह करीब 11 बजे दोनों शवों का पीएम जिला अस्पताल बालोद में शुरू हुआ। जिसके बाद दोनों गांव में आज अंतिम संस्कार होगा।

इस हृदयविदारक हादसे से जगन्नाथपुर, परसदा और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

You cannot copy content of this page