जिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने और स्मार्ट मीटर हटाने की उठाई मांग
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने एवं स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा राजीव भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने भाजपा सरकार पर आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया।
चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि जुलाई माह से घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरों में 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे तथा कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद यह बिजली दरों में पांचवीं बढ़ोतरी है। इसके अलावा हाल ही में 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीएस) भी लगाया गया, जिससे भाजपा शासनकाल में अब तक बिजली दरों में 31.23 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पांच वर्षों में केवल 2 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई थी और उस समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। वर्तमान सरकार ने यह योजना बंद कर दी, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना बिजली खपत का अनुबंध भार बढ़ाया जा रहा है और अधिक खपत का हवाला देकर अतिरिक्त अर्थदंड भी जोड़ा जा रहा है। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से अधिक बिल चुकाना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि संसद में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्पष्ट किया था कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर पूरी तरह वैकल्पिक व्यवस्था है और किसी भी उपभोक्ता पर उसकी सहमति के बिना नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर जबरन लगाए जाने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने राज्य सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं—
- बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस ली जाए।
- 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू की जाए।
- स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल बंद कर उन्हें हटाया जाए।
2 अगस्त से शुरू होगा चरणबद्ध आंदोलन
चंद्रेश हिरवानी ने बताया कि 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग संबंधी आवेदन भरवाएंगे। यह अभियान दो माह तक चलेगा। इसके बाद सभी आवेदन एकत्र कर बिजली कार्यालय का घेराव किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिला स्तर पर आंदोलन के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर राज्यव्यापी आंदोलन करेगी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा दुबे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, पार्षद सुमित शर्मा, दाऊद खान, रोहित सागर सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।












