मिशन अंकुर और महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान को मिला जनसहभागिता का संबल, 2021 से लगातार चला रहे हैं हरित जनजागरण अभियान
बालोद। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पसौद में पदस्थ शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक लगातार प्रेरणादायी कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2021 से शुरू की गई उनकी सीड बॉल एवं पौधा भेंट करने की अनूठी पहल आज भी निरंतर जारी है। इसी क्रम में उन्होंने बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से संयुक्त जिला कार्यालय में सौजन्य भेंट कर उन्हें लगभग 50 सीड बॉल और एक पौधा भेंट किया।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक की इस पर्यावरण संरक्षण मुहिम की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास जनभागीदारी को बढ़ावा देते हैं और जिले में चल रहे ‘मिशन अंकुर’ तथा ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान-2026’ को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने बताया कि इस वर्ष उन्होंने स्वयं अपने हाथों से 100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिनमें से अब तक 54 पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शाला विकास समिति के पदाधिकारियों को लगभग 400 सीड बॉल वितरित किए जा चुके हैं। वे लगातार लोगों को खाली पड़ी भूमि पर सीड बॉल डालने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इसी अभियान के तहत भिलाई के कला मंदिर, सिविक सेंटर में आयोजित कैशलेस चिकित्सा कर्मचारी सम्मेलन में भी शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) के उपाध्यक्ष श्री ललित चंद्राकर को लगभग 54 सीड बॉल एवं एक पौधा भेंट किया। विधायक ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार कर लोगों में वितरित करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान चलाने की अपील की।
सम्मेलन में उपस्थित लगभग 90 कर्मचारियों को भी सीड बॉल वितरित किए गए तथा उन्हें खाली स्थानों पर इन्हें डालकर अधिक से अधिक वृक्ष उगाने का संदेश दिया गया। शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने कहा कि उनका उद्देश्य हर व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा समागम के दौरान देशभर से आए अधिकारियों एवं शिक्षकों को सीड बॉल भेंट कर इस अभियान की शुरुआत की थी। तब से लेकर आज तक वे लगातार विभिन्न मंचों के माध्यम से सीड बॉल और पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।












