DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्मार्ट मीटर पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला: “जिस योजना को खुद मंजूरी दी, उसी पर अब जनता को कर रहे गुमराह”

जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख बोले- स्मार्ट मीटर लगाने का फैसला भूपेश बघेल सरकार ने 2022 में लिया था

बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद के अध्यक्ष चेमन देशमुख ने स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस योजना का निर्णय कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में लिया था, आज उसी योजना को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय आखिर किस सरकार ने लिया था।

चेमन देशमुख ने बताया कि वर्ष 2022 में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने केंद्र सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को मंजूरी दी थी। उन्होंने कहा कि जुलाई 2022 में इस योजना की डीपीआर स्वीकृत हुई तथा सितंबर 2022 में टेंडर जारी किए गए थे। वर्तमान में जो कार्य हो रहा है, वह उसी समय जारी की गई निविदा और कार्यादेश के आधार पर किया जा रहा है।

करीब 55 लाख उपभोक्ताओं के यहां लगाए जाने हैं स्मार्ट मीटर

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि योजना के तहत प्रदेश के लगभग 55 लाख बिजली उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में इस योजना को स्वीकृति दी और दूसरी ओर आज कांग्रेस के नेता इसका विरोध कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

जनता के सामने रखे जाएं पूरे तथ्य

चेमन देशमुख ने कहा कि प्रदेश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय कब और किस सरकार ने लिया था। उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय तथ्यात्मक जानकारी जनता के सामने रखने की अपील की।

You cannot copy content of this page