300 छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा, यातायात नियम और आपातकालीन सेवाओं के प्रति किया जागरूक
बालोद। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना गुरूर पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छेड़िया में व्यापक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें विद्यालय के शिक्षकगण एवं लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
साइबर ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय
कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसे फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, एपीके (APK) फाइल, डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड फ्रॉड, सेक्स एक्सटॉर्शन, ओटीपी ठगी एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बैंक खाते, पासवर्ड और ओटीपी किसी से साझा नहीं करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील

निरीक्षक मुकेश सिंह ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को 18 वर्ष की आयु पूरी होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाने की समझाइश दी। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोक सकती हैं।
‘गुड टच-बैड टच’ और डायल 112 की जानकारी
थाना गुरूर की महिला सेल से प्रशिक्षु उपनिरीक्षक वीणा मरावी ने छोटे बच्चों एवं छात्र-छात्राओं को सरल भाषा में ‘गुड टच-बैड टच’ की महत्वपूर्ण जानकारी देकर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 सेवा की उपयोगिता और प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
जनजागरूकता अभियान लगातार रहेगा जारी
गुरूर पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र में इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं महिला-बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम में निरीक्षक मुकेश सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक वीणा मरावी, सहायक उपनिरीक्षक कुलेश्वर यादव, आरक्षक कोमल साहू, विवेक सिन्हा, पुलेश कटेन्द्र, महिला आरक्षक सीमा साहू, विद्यालय के प्राचार्य के.डी. पुराइन, पी.एल. साहू, हेमंत साहू, श्रीमती चित्रलेखा पौसार्य, डी.के. साहू सहित समस्त शिक्षकगण एवं लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












