नारी महानदी पुल पर 27 वर्षीय नीरज साहू की हत्या, सैकड़ों CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से धमतरी पुलिस ने सुलझाया सनसनीखेज मामला
धमतरी। धमतरी जिले के नारी महानदी पुल पर हुए बहुचर्चित हत्या कांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चावल व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते 27 वर्षीय नीरज साहू की निर्मम हत्या की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
खून से लथपथ मिला था युवक का शव
थाना कुरूद क्षेत्र के मर्ग क्रमांक 118/2026 की जांच के दौरान पता चला कि मृतक नीरज साहू (27 वर्ष), पिता खुमान साहू, निवासी कुण्डेल, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड का शव 22 जुलाई 2026 को नारी महानदी पुल पर मुख्य मार्ग में खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतक के गले और माथे पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा उसका बोलेरो पिकअप वाहन (CG-06-GT-7675) भी घटनास्थल पर खड़ा मिला।
प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम के बाद हत्या की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर थाना कुरूद, थाना मगरलोड और साइबर टीम की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल तथा एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने कई दिनों तक लगातार जांच की।
पुलिस ने सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों और घटनास्थल से जुड़े सभी संभावित सुरागों का सूक्ष्म विश्लेषण किया। इसी जांच के आधार पर संदेह बिरेंद्र कुमार साहू पर गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह और नीरज साहू दोनों चावल का कारोबार करते थे। मृतक का व्यवसाय बेहतर चलने और उसकी आय अधिक होने से वह उससे रंजिश रखने लगा था। इसी द्वेष के चलते उसने नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर नीरज साहू को रोककर कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कैंची और पाना बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू (21 वर्ष), पिता कन्हैया लाल साहू, निवासी सांकरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी का रहने वाला है।
वैज्ञानिक जांच से मिली सफलता
धमतरी पुलिस ने बताया कि गंभीर एवं सनसनीखेज अपराधों की जांच में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसी कड़ी मेहनत, समन्वित कार्रवाई और आधुनिक जांच तकनीकों के कारण इस हत्याकांड का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।












