निरीक्षण में मिली अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, कहा– शुल्क लेने के बावजूद नहीं मिल रही सम्मानजनक सुविधाएं
बालोद। बालोद नगर के बस स्टैंड स्थित आश्रय स्थल की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्षदों ने आश्रय स्थल का निरीक्षण कर वहां व्याप्त अव्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस पार्षद दल का कहना है कि आश्रय स्थल में फटे हुए गद्दे, गंदी चादर एवं कंबल, जर्जर लाइट और पंखे तथा बदहाल बाथरूम जैसी समस्याएं साफ तौर पर नगर पालिका की लापरवाही को उजागर करती हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से इस आश्रय स्थल की देखरेख नहीं की गई, जिसके कारण यहां ठहरने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
₹50 शुल्क लेने पर बेहतर सुविधा देना प्रशासन की जिम्मेदारी
कांग्रेस पार्षद दल ने कहा कि जब आश्रय स्थल में ठहरने वाले लोगों से ₹50 शुल्क लिया जा रहा है, तब उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। वर्तमान स्थिति से स्पष्ट है कि प्रशासन इस जिम्मेदारी के प्रति गंभीर नहीं है।
सुधार नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

कांग्रेस पार्षद दल ने चेतावनी दी है कि यदि आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार नहीं किया गया, तो जनता के हित में इस मुद्दे को और मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता बेहतर सुविधाओं की हकदार है, लापरवाही की नहीं।
निरीक्षण के दौरान रहे उपस्थित
आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद बालोद के नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी, पार्षद सुनील मालेकर, विनोद शर्मा, निर्देश पटेल, सुनील शर्मा एवं सुमित शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार की मांग की।












