दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी, दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ
बालोद। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसदा (डंग) में आयोजित संभाग स्तरीय बालक एवं बालिका 14, 17 एवं 19 वर्ष रग्बी एवं नेटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप साहू (ओटेबंद) ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने विद्यालय, जिले और संभाग का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत परसदा की सरपंच सत्यवती साहू ने की। उन्होंने दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक संचालक दुर्ग कल्पना स्वामी तथा खेल समन्वयक बालोद स्वप्न जेना उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नूतन गुप्ता, शाला विकास समिति की अध्यक्ष मनीषा बान्धेय, पीटीआई दुष्यंत साहू, बीएसओ टीकाराम साहू, देवीलाल साहू, विनोद सिपेन्द्र जांगड़े, छबीलाल जांगड़े, शिवशंकर साहू, ढाल सिंह, डेविड गायकवाड़, ममता चन्द्राकर (शिक्षण सहायक) सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संभाग स्तरीय इस प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी रग्बी एवं नेटबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।












