DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सनौद पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी के आरोपी को 4 घंटे में दबोचा, मोबाइल और नकदी बरामद

त्वरित कार्रवाई से चोरी का खुलासा, आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

बालोद। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरुर के मार्गदर्शन में थाना सनौद पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी को घटना के महज 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर चोरी गए दो मोबाइल फोन और नगदी बरामद करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार चोरी की सूचना मिलते ही थाना सनौद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेही की तलाश शुरू की। मुखबिर एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से रेडमी एवं वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 11 हजार रुपये, तथा 1 हजार रुपये नगद सहित कुल 12 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम सिंह (18 वर्ष 1 माह), पिता चंद्रहास सिंह, निवासी ग्राम लोहारसी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

बालोद पुलिस ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश देशमुख, सहायक उपनिरीक्षक नंदलाल, प्रधान आरक्षक राम भुआर्य, आरक्षक टिकेश कुमार एवं आरक्षक किरण कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

You cannot copy content of this page