भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला ने सोशल मीडिया पोस्ट और कथित धमकी को लेकर विधायक पर साधा है निशाना, विधायक ने आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित
बालोद। अर्जुंदा में सड़क निर्माण को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी में बदल गया है। भाजपा के बिलासपुर संभाग सहप्रभारी एवं जिला पंचायत के पूर्व सभापति अभिषेक शुक्ला ने आरोप लगाया है कि अर्जुंदा भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नवीन राजपूत द्वारा क्षेत्र की बदहाल सड़क को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट किए जाने के बाद गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने उन्हें फोन पर कथित रूप से धमकी दी। भाजपा ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए विरोध जताया है।
अभिषेक शुक्ला ने कहा कि अर्जुंदा-चिचा-आमटी मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर युवा मोर्चा अध्यक्ष ने जनहित का मुद्दा उठाया था, लेकिन विधायक ने समस्या स्वीकार करने के बजाय कथित रूप से धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडरदेही विधानसभा में विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हुए हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भाजपा के किसी कार्यकर्ता के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो भारतीय जनता पार्टी उसके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
विधायक कुंवर सिंह निषाद का पक्ष
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भाजपा के आरोपों को निराधार, राजनीति से प्रेरित और जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि अर्जुंदा–ओडारसकरी–आमटी मार्ग के निर्माण के लिए उन्होंने कई बार प्रयास किए हैं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस सड़क का प्रस्ताव बजट में शामिल भी हो चुका था, लेकिन सरकार बदलने के बाद भाजपा सरकार ने उस बजट को निरस्त कर दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए भाजपा नेताओं को अपनी ही सरकार से पूछना चाहिए कि सत्ता में होने के बावजूद सड़क निर्माण अब तक क्यों शुरू नहीं हो सका। सड़क निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति का इंतजार है और स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ होगा।
विधायक ने कहा, “जिस बच्चे को मैंने अपने हाथों से खिलाया है, उसी के माध्यम से पोस्ट करवाकर मेरी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। विरोधी बौखला गए हैं। उनके पास कोई जनहित का मुद्दा नहीं है, इसलिए अपनी राजनीतिक कमजोरी छिपाने के लिए इस तरह की घटिया हरकतें की जा रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “भाजपाई जिस सड़क की बात कर रहे हैं, उसी सड़क से भाजपा के कई बड़े नेताओं का भी घर पड़ता है, लेकिन उन्हें सड़क की चिंता नहीं है। सब अपनी-अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं।”
विधायक ने साझा किए बजट में शामिल सड़क प्रस्ताव

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने दस्तावेज साझा करते हुए बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और मजबूतीकरण के प्रस्ताव बजट में शामिल किए गए थे। इनमें प्रमुख रूप से—
- मुड़खुसरा से दुपचेरा पहुंच मार्ग (2.40 किमी) का मजबूतीकरण।
- खुटेरी–भटगांव–कलंगपुर मार्ग (4.65 किमी) का निर्माण।
- झोपरा से जोरातराई मार्ग का निर्माण।
- जामगांव से गुंडरदेही मार्ग (15 किमी) का निर्माण पुल-पुलिया सहित।
- अर्जुंदा–ओडारसकरी–आमटी मार्ग (13 किमी) का मजबूतीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण।
- साजा से भेंडरा मार्ग (3 किमी) का निर्माण।
फिलहाल इस मामले में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर सड़क निर्माण जैसी मूलभूत समस्या का जल्द समाधान किया जाए।












