DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विधायक कुंवर सिंह निषाद की छवि धूमिल करने की साजिश का कांग्रेस ने किया विरोध, भाजपा पर भ्रामक प्रचार का लगाया आरोप

बालोद। गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा अर्जुंदा मंडल अध्यक्ष नवीन राजपूत के साथ हुई मोबाइल बातचीत को कथित रूप से तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा शनिवार को राजीव भवन, बालोद में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया।

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्जुंदा के अध्यक्ष जीवन बंदे ने भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला द्वारा विधायक कुंवर सिंह निषाद पर लगाए गए आरोपों को झूठा, मनगढ़ंत और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा जारी पोस्टर का उद्देश्य जनता को गुमराह करना और विधायक की छवि खराब करना है। उन्होंने कहा कि विधायक कुंवर सिंह निषाद एक सज्जन, शालीन और विकासवादी जनप्रतिनिधि हैं तथा उन पर धमकी देने जैसे आरोप हास्यास्पद हैं। अर्जुंदा उनका गृहग्राम है और वे हर व्यक्ति का सम्मान करते हैं, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो।

उन्होंने कहा कि अर्जुंदा की सड़कों को लेकर सवाल उठाने वाली भाजपा पहले यह बताए कि 15 वर्षों के अपने शासनकाल में क्षेत्र के लिए क्या विकास कार्य किए गए। विधायक निधि में कमीशनखोरी तथा अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने जैसे आरोपों को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि यह मामला भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी और हताशा का परिणाम है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि विधायक की छवि खराब करने का प्रयास बंद किया जाए, अन्यथा जनता इसका जवाब देगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री भोजराज साहू ने कहा कि भाजपा द्वारा विधायक पर विकास नहीं कराने के लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि विधायक कुंवर सिंह निषाद के कार्यकाल में अर्जुंदा एवं देवरी को तहसील का दर्जा, अर्जुंदा में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना, पिनकापार में प्रयास विद्यालय, जेवरतला रोड में महाविद्यालय प्रारंभ, माहुद बी महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृति, सात स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की शुरुआत, अमृत मिशन एवं जल जीवन मिशन 2.0 के तहत नगर पंचायत गुंडरदेही के लिए 30 करोड़ तथा अर्जुंदा के लिए 26 करोड़ रुपये की स्वीकृति, चैनगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज हेतु 54 करोड़ रुपये, किसानों की सुविधा के लिए 23 नई सेवा सहकारी समितियों एवं 10 नए धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नई शाखाएं तथा हल्दी में पुलिस चौकी सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि भाजपा अपनी डबल इंजन सरकार की विफलताओं को छिपाने के लिए विधायक पर व्यक्तिगत आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जिन सड़क निर्माण कार्यों को बजट में शामिल किया गया था, सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने उनकी प्रशासनिक स्वीकृति रोक दी और कई कार्यों की राशि भी निरस्त कर दी। उन्होंने कहा कि अर्जुंदा-आमटी मार्ग दो बार बजट में शामिल हो चुका है, इसलिए भाजपा सरकार को तत्काल इस सड़क सहित अन्य जर्जर मार्गों के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करनी चाहिए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।

पत्रकारवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पटेल, महामंत्री सलीम खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कचरू साहू एवं नरेंद्र सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, पार्षद सुमित शर्मा, अर्जुंदा ब्लॉक महामंत्री विनय साहू, सागर साहू, कुलेश्वर तिवारी, रोहित सागर, मीडिया प्रभारी देवेंद्र साहू, अर्जुंदा नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजू पारख, हेमंत पटेल सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page