छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज के युवा प्रकोष्ठ की पहल, 15 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज के युवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित “छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026” का आयोजन 9 अगस्त 2026 (रविवार) को प्रदेश के विभिन्न जिलों में किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। समाज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 1100 से अधिक परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है।
15 जिलों में होंगे परीक्षा केंद्र
प्रतियोगिता के लिए रायपुर, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, कवर्धा, बेमेतरा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, धमतरी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा राजिम-गरियाबंद में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों में प्रदेश स्तर से ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए जाएंगे।
सुबह 11 बजे से होगी उपस्थिति, दोपहर 12 से 2 बजे तक परीक्षा
आयोजकों ने बताया कि परीक्षार्थियों की उपस्थिति सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ होगी, जबकि परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा परीक्षार्थियों का फीडबैक वीडियो भी तैयार किया जाएगा, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा लाभ
प्रतियोगिता का स्तर सीजी पीएससी, सीजी व्यापम, एसएससी, रेलवे, शिक्षक भर्ती सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप रखा गया है। परीक्षा में 100 प्रश्न (200 अंक) होंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक तथा 1/3 अंक की निगेटिव मार्किंग रहेगी।
आकर्षक नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार घोषित किए गए हैं—
- प्रथम पुरस्कार – ₹21,000
- द्वितीय – ₹17,000
- तृतीय – ₹15,000
- चतुर्थ – ₹11,000
- पंचम – ₹9,000
- 5 सांत्वना पुरस्कार – ₹3,000-₹3,000
साथ ही विजेताओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
युवा प्रकोष्ठ ने दी सफलता की शुभकामनाएं
प्रदेश युवा अध्यक्ष योगेश्वर कुमार देशमुख, प्रदेश युवा सचिव गिरीश हरमुख तथा युवा महासचिव कमलेश देशमुख ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करना और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि “ज्ञान से विकास और विकास से मजबूत समाज” की भावना के साथ आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।












