अछोली में स्कूल परिसर की दीवार गिरने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, मरम्मत की उठी मांग
डौण्डीलोहारा। विकासखंड डौण्डीलोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत अछोली स्थित प्राथमिक शाला की बाउंड्री वॉल लगातार हो रही बारिश के कारण भरभराकर गिर गई। दीवार ढहने से स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
लगातार बारिश बनी कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बाउंड्री वॉल की नींव कमजोर हो गई थी। अत्यधिक जलभराव और मिट्टी के कटाव के चलते दीवार अचानक गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई छात्र या ग्रामीण मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित
बाउंड्री वॉल गिरने से विद्यालय परिसर पूरी तरह खुला हो गया है। इससे आवारा मवेशियों के स्कूल परिसर में प्रवेश करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि जल्द नई बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने की शीघ्र निर्माण की मांग
ग्रामीणों एवं पालकों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गिरी हुई बाउंड्री वॉल का जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके और विद्यालय परिसर की सुरक्षा बहाल हो सके।











