DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जर्जर पंचायत भवन से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, नए भवन की उठी मांग

भीमाटोला पंचायत में टपकती छत और दरकती दीवारों के बीच हो रहा कामकाज, सरपंच ने प्रशासन से लगाई गुहार

डौण्डी लोहारा। विकासखंड डौण्डी लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत भीमाटोला का पंचायत भवन जर्जर होने से ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की चिंता बढ़ गई है। भवन की छत से लगातार पानी टपकने, दीवारों में दरारें आने तथा बिजली फिटिंग खराब होने के कारण पंचायत का नियमित कामकाज प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे कर्मचारियों और ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात में रिकॉर्ड सुरक्षित रखना भी चुनौती

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान पंचायत भवन में बैठना मुश्किल हो जाता है। छत से पानी रिसने के कारण महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और पंचायत के रिकॉर्ड भी खराब होने का खतरा बना रहता है। भवन की जर्जर स्थिति के कारण पंचायत की बैठकें और अन्य प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

सरपंच ने नए भवन या मरम्मत की मांग की

सरपंच गोमती बाई नायक ने जिला प्रशासन एवं जनपद पंचायत से पंचायत भवन की शीघ्र मरम्मत अथवा नए भवन की स्वीकृति देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन गांव का प्रमुख प्रशासनिक केंद्र होता है, जहां से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिलता है। ऐसे में भवन की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने भी जताई चिंता

इस अवसर पर वार्ड पंच अंकुश कुमार कुंजाम, खिलेंद्र कुमार, हेम बाई भैंसारा, तुलसी बाई बेलसरिया, लोकिन बाई चुरेंद्र सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत से जल्द कार्रवाई कर पंचायत भवन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की, ताकि पंचायत का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।

– नेमन साहू, रेंगाडबरी

You cannot copy content of this page