DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद से होगा ’10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान’ का शुभारंभ

4 अगस्त को आत्मज्ञान भवन में जिला स्तरीय समारोह, कलेक्टर व एसपी सहित अनेक अतिथि होंगे शामिल

बालोद। नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा 4 अगस्त को आत्मज्ञान भवन, आमापारा (बालोद) में “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान” के राज्य एवं जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज का निर्माण करना और नागरिकों में सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

कलेक्टर करेंगी शुभारंभ, कई गणमान्य होंगे शामिल

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा करेंगी। समारोह में जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्माकुमारीज बालोद की संचालिका बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी करेंगी। इस अवसर पर अभियान का औपचारिक शुभारंभ करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान किया जाएगा।

राष्ट्रीय जन आंदोलन के रूप में चलेगा अभियान

बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने बताया कि इस समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, चिकित्सक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठन, युवा संगठन तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।

उन्होंने बताया कि “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान” भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के “नशामुक्त भारत अभियान”, गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के “मिशन स्पंदन” तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के “मेरा भारत” अभियान के उद्देश्यों को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने वाला एक राष्ट्रीय जन आंदोलन है।

राजयोग मेडिटेशन और मूल्य शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर

अभियान के तहत नागरिकों को राजयोग मेडिटेशन, मूल्य शिक्षा, युवा सहभागिता और सामुदायिक जागरूकता के माध्यम से नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह अभियान ब्रह्माकुमारीज की पूर्व मुख्य प्रशासिका परम आदरणीय राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति को समर्पित है।

विद्यालयों से लेकर ग्राम पंचायतों तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के अंतर्गत राज्य एवं जिले भर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, सरकारी विभागों, स्वास्थ्य संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा, विद्यार्थी एवं युवा प्रेरणा सत्र, जागरूकता अभियान, राजयोग मेडिटेशन कार्यशालाएं, नशामुक्ति प्रदर्शनियां, जनजागरण रैलियां, सामुदायिक जनसंपर्क अभियान तथा डिजिटल एवं सोशल मीडिया जागरूकता गतिविधियां शामिल रहेंगी।

हर नागरिक बने ‘नशामुक्त वीर’

अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक से स्वयं नशे से दूर रहने, परिवार में नशामुक्त वातावरण बनाने, दूसरों को भी प्रेरित करने तथा कम से कम 10 लोगों को राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा से जोड़ने का आह्वान किया गया है।

मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील

आयोजकों ने सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों से समारोह में शामिल होकर इस राष्ट्रीय जन आंदोलन के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है।

You cannot copy content of this page