रेडक्रॉस की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न, सभी जिला शाखाओं को सेवा गतिविधियां विस्तार देने के निर्देश
रायपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा प्रदेश के सभी जिला चेयरमैन एवं जिला सचिवों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष के मार्गदर्शन तथा राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सभी जिला शाखाओं को मानवीय सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के निर्देश दिए गए।
सेवा कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में वाइस चेयरमैन रुपेश कुमार पाणिग्राही, कोषाध्यक्ष संजय पटेल, राष्ट्रीय प्रतिनिधि युवराज देशमुख, सचिव डॉ. रुपोल पुरोहित, राज्य प्रतिनिधियों तथा प्रदेश के सभी जिला चेयरमैन एवं पदेन जिला सचिव (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) उपस्थित रहे।
इस दौरान वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के आय-व्यय विवरण, जिला शाखाओं की वित्तीय स्थिति, कार्यालय एवं कर्मचारियों की व्यवस्था, संरक्षक एवं आजीवन सदस्यता, सदस्यता शुल्क, जूनियर रेडक्रॉस (JRC) एवं यूथ रेडक्रॉस (YRC) की गतिविधियों, एम्बुलेंस एवं शव वाहन सेवाओं, ब्लड बैंक और वृद्धाश्रम संचालन सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मानवता और सेवा भावना को मजबूत बनाने पर जोर

बैठक में कहा गया कि रेडक्रॉस का उद्देश्य केवल सेवा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में मानवता, करुणा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है। सभी जिला शाखाओं को निर्देशित किया गया कि वे रक्तदान, अंगदान, नेत्रदान, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता तथा युवा स्वयंसेवा जैसे कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ बड़े स्तर पर संचालित करें।
जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाना ही लक्ष्य
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि रेडक्रॉस का वास्तविक उद्देश्य किसी भी पीड़ित, जरूरतमंद या आपदा प्रभावित व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के समय पर सहायता पहुंचाना है। यही सेवा भावना रेडक्रॉस को विश्व के सबसे बड़े मानवीय संगठनों में शामिल करती है।
प्रदेशवासियों से जुड़ने की अपील
बैठक के दौरान प्रदेशवासियों से अपील की गई कि वे रेडक्रॉस की गतिविधियों से जुड़कर नियमित रक्तदान करें, अंग एवं नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाएं, आपदा के समय स्वयंसेवक बनकर आगे आएं तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा तथा सभी जिला शाखाएं समन्वित प्रयासों के माध्यम से सेवा कार्यों को नई गति देंगी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक मानवीय सहायता पहुंचाने के अपने दायित्व का प्रभावी निर्वहन करेंगी।











