कांग्रेस बोली– सड़क निर्माण के मुद्दे पर भाजपा अपनी सरकार से जवाब मांगे, विधायक की छवि धूमिल करने की हो रही साजिश
बालोद। गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद ने सोमवार को राजीव भवन, बालोद में पत्रकार वार्ता आयोजित की। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर भ्रामक प्रचार करने और विधायक की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया।
‘धमकी देने का आरोप पूरी तरह झूठा और राजनीतिक’
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्जुंदा के अध्यक्ष जीवन बंदे ने कहा कि भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला द्वारा विधायक कुंवर सिंह निषाद पर लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे, मनगढ़ंत और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा जारी पोस्टर का उद्देश्य जनता को गुमराह करना और विधायक की साफ-सुथरी छवि को नुकसान पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि कुंवर सिंह निषाद एक सज्जन, शालीन और विकासवादी जननेता हैं। उन पर धमकी देने जैसे आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण और हास्यास्पद है। अर्जुंदा उनका गृहग्राम है और वे हर दल के कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हैं।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
जीवन बंदे ने कहा कि अर्जुंदा की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाने वाली भाजपा पहले यह बताए कि 15 वर्षों के अपने शासनकाल में उसने क्षेत्र के लिए क्या विकास किया। उन्होंने विधायक निधि और विकास कार्यों में कमीशनखोरी के आरोपों को भी पूरी तरह निराधार बताया।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब, जुआ-सट्टा और रेत खनन जैसे कारोबार भाजपा शासनकाल में फलते-फूलते रहे, जबकि कांग्रेस ने इन पर रोक लगाने का काम किया। कांग्रेस का आरोप है कि पूरा विवाद भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी और राजनीतिक हताशा का परिणाम है तथा युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता को मोहरा बनाकर राजनीति की जा रही है।
विकास कार्यों की लंबी सूची गिनाई
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री भोजराज साहू ने कहा कि भाजपा द्वारा यह कहना कि विधायक का जनसरोकार से कोई लेना-देना नहीं है, पूरी तरह बेबुनियाद है।
उन्होंने विधायक के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि अर्जुंदा एवं देवरी को तहसील का दर्जा, अर्जुंदा में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना, पिनकापार में प्रयास विद्यालय, जेवरतला रोड में महाविद्यालय, माहुद-बी महाविद्यालय भवन की स्वीकृति, सात स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की शुरुआत, गुंडरदेही और अर्जुंदा नगर पंचायत में अमृत मिशन व जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की पेयजल योजनाएं, चैनगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज-अंडरब्रिज, 23 नई सेवा सहकारी समितियां, 10 नए धान खरीदी केंद्र, जिला सहकारी बैंक की नई शाखाएं, हल्दी पुलिस चौकी तथा सिकोसा, अर्जुंदा और देवरी स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन जैसे अनेक विकास कार्य किए गए हैं।
‘भाजपा अपनी सरकार से पूछे सड़क क्यों नहीं बनी’
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि विधायक कुंवर सिंह निषाद एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि हैं और भाजपा अपनी डबल इंजन सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए व्यक्तिगत आरोप लगा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान बजट में शामिल सड़क निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति भाजपा सरकार बनने के बाद रोक दी गई और कई स्वीकृत कार्यों की राशि भी निरस्त कर दी गई। उन्होंने कहा कि अर्जुंदा-आमटी मार्ग दो बार बजट में शामिल हो चुका है, इसलिए भाजपा सरकार तत्काल इस सड़क सहित अन्य जर्जर मार्गों के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करे, अन्यथा कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पटेल, महामंत्री सलीम खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कचरू साहू, नरेंद्र सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, पार्षद सुमित शर्मा, विनय साहू, सागर साहू, कुलेश्वर तिवारी, रोहित सागर, मीडिया प्रभारी देवेंद्र साहू, अर्जुंदा नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजू पारख, हेमंत पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पत्रकार उपस्थित रहे।











