सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों से आवागमन मुश्किल, बरसात में बढ़ी परेशानी; स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में हो रही दिक्कत
गुंडरदेही (बालोद)। जामगांव (R) से गुंडरदेही की ओर जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है और दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना रहता है। रनचिराई गांव के पास सड़क की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, किसान, मजदूर और अन्य नागरिक आवागमन करते हैं। बरसात के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क की बदहाली के कारण स्कूली बच्चों को भी रोजाना आने-जाने में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत की मांग पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी की गई थी, लेकिन अब तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रनचिराई क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की जा रही है और गांव के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क की वर्तमान स्थिति का जल्द निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत सहित सड़क का स्थायी सुधार कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों और स्कूली बच्चों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
गुंडरदेही से प्रेम प्रकाश साहू की रिपोर्ट









