DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नीट पेपर लीक और नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

भारी बारिश के बीच जयस्तंभ चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन; शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक, छात्र समुदाय के समर्थन में आवाज उठाने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भारी बारिश के बावजूद जयस्तंभ चौक बालोद में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया।

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप

जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि केंद्र की भाजपा सरकार युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों छात्रों की मेहनत और उनके परिवारों की उम्मीदों को नीट पेपर लीक ने गहरा आघात पहुंचाया है। केंद्र सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने भविष्य की सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे, तब उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई गईं। यह लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास है। युवाओं की आवाज को डंडे और दमन से नहीं दबाया जा सकता।

विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप

गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेना केंद्र सरकार की असहिष्णुता और विपक्ष की आवाज को दबाने की प्रवृत्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार हर सवाल से घबराती दिखाई दे रही है।

शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

संजारी-बालोद विधायक एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि यदि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के कारण देशभर के छात्रों का विश्वास टूटा है, तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होने के बाद उनका पद पर बने रहना उचित नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से पूछे सवाल

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि—

  • नीट पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई?
  • छात्रों पर लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया?
  • युवाओं की आवाज उठाने वाले नेताओं को हिरासत में क्यों लिया गया?
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी नैतिक जिम्मेदारी कब स्वीकार करेंगे?

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। भाजपा सरकार की नीतियों, परीक्षा संबंधी विफलताओं और विपक्ष की आवाज को दबाने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद

विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, महामंत्री धीरज उपाध्याय, युवराज साहू, सतीश यादव, शंभू साहू, ब्लॉक अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, नरेंद्र सिन्हा, जीवन बंदे, राजकुमार प्रभाकर, नपा नेता प्रतिपक्ष कासिमुद्दीन कुरैशी, पार्षद विनोद बंटी शर्मा, सुमित शर्मा, सुनील मालेकर, रीता सोनी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, कमलेश श्रीवास्तव, वैभव साहू, दाऊद खान, कमल टुवानी, रविप्रकाश यादव, भूपेश नायक, रोहित सागर, सागर साहू, जिला युकां अध्यक्ष प्रशांत बोकडे, शहर अध्यक्ष साजन पटेल, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद्मिनी साहू, चमेली साहू, प्रियंका चोपड़ा, विक्की तिगाला, वैभव शर्मा, अवधेश सिंग, मनोज ठाकुर, मनोज साहू, टोमन साहू, योगेंद्र साहू, लोकेश नेताम, दानवीर साहू, पीयूष, इंद्रकुमार, सन्नी जायसवाल, पालसिंह, भोला विश्वकर्मा, अमित यादव, लोकनाथ निषाद, प्रेम ग्वालवंशी, दुलार सिंह, प्रकाश कुमार, नोवेल दीप गंजीर, कमलेश टांक, पुष्कर ठाकुर, विक्की पांडे, अदीब खान, शिवकुमार, दीपक, संतु, दिनेश साहू और राजेंद्र सोनकुटिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page