गुरूर के आशुतोष पंचागम के घर गर्मी में 10 हजार रुपये तक आने वाला बिजली बिल घटकर हुआ करीब 1200 रुपये
बालोद, 22 जुलाई 2026। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना बालोद जिले के आम नागरिकों के लिए आर्थिक बचत का बड़ा माध्यम बनती जा रही है। योजना का लाभ उठाते हुए गुरूर निवासी श्री आशुतोष पंचागम ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित कराया है। सोलर पैनल लगने के बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है।
श्री आशुतोष पंचागम के घर में पिछले 7 महीनों से सोलर पैनल सफलतापूर्वक कार्यरत है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर पैनल लगने के शुरुआती महीनों में उनका बिजली बिल शून्य (जीरो) आया। वहीं, भीषण गर्मी के दिनों में एसी, पंखे और कूलर का अधिक उपयोग होने के कारण पहले उनका बिजली बिल सामान्यतः 8 से 10 हजार रुपये तक पहुंच जाता था। लेकिन सोलर पैनल स्थापित होने के बाद इस गर्मी के मौसम में भी उनका बिजली बिल घटकर महज 1200 से 1500 रुपये के बीच रह गया।
आशुतोष पंचागम ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया बेहद आसान एवं पारदर्शी है। आवेदन करने के बाद संबंधित वेंडर द्वारा उनके घर का भौतिक निरीक्षण किया गया तथा लोन एवं सब्सिडी से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। इसके बाद कम समय में उनके घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर दिया गया। उन्हें योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है।
बिजली बिल में बड़ी राहत मिलने और सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्राप्त होने से आशुतोष पंचागम का परिवार काफी खुश है। योजना से मिली सुविधा एवं आर्थिक बचत से उत्साहित होकर उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल के आर्थिक बोझ को कम करने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।









