DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 चालकों पर कार्रवाई, न्यायालय ने लगाया 1.10 लाख रुपये का जुर्माना

बालोद पुलिस ने सभी के लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित कराने की कार्रवाई की, दूसरी बार पकड़े जाने पर हमेशा के लिए होगा लाइसेंस निरस्त

बालोद, 21 जुलाई 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों एवं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बालोद श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात पुलिस बालोद सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 20 जुलाई 2026 को शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 11 वाहन चालकों के प्रकरण माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जहां न्यायालय द्वारा सभी प्रकरणों में कुल 1,10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। पुलिस के अनुसार, शराब सेवन कर वाहन चलाने पर प्रथम अपराध में 10,000 रुपये जुर्माना तथा द्वितीय अपराध में 15,000 रुपये जुर्माने का प्रावधान है।

बालोद पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए सभी वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित करने के लिए संबंधित परिवहन विभाग को पत्र जारी किया जा रहा है। इसके तहत सभी संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित किए जाएंगे। वहीं, यदि कोई वाहन चालक दूसरी बार शराब सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा के लिए निरस्त किया जाएगा।

यातायात पुलिस बालोद ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब सेवन कर वाहन चलाकर स्वयं एवं अन्य लोगों की जान जोखिम में न डालें और हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने आम नागरिकों से मालवाहक वाहनों में सवारी भरकर परिवहन नहीं करने, रात्रि में वाहन चलाते समय अपर-डिपर का प्रयोग करने, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने नहीं देने तथा संयमित गति से वाहन चलाने की अपील की है। इसके साथ ही वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने की अपील भी की गई है।

बालोद पुलिस ने कहा है कि आमजन एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page