बीजाभाठा में मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक का गोदाम सील, बड़ी मात्रा में कृषि सामग्री और पैकेजिंग उपकरण जब्त
बालोद, 22 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं कृषि विभाग के उप संचालक श्री आशीष चन्द्राकर के मार्गदर्शन में कृषक हित में कृषि विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय निरीक्षण दल ने 21 जुलाई 2026 को डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में कथित रूप से अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री के भंडारण एवं पैकेजिंग का कार्य किया जाना पाया गया। इसके बाद निरीक्षण दल ने बड़ी मात्रा में कृषि सामग्री जब्त करते हुए गोदाम को सील कर दिया।

कृषि विभाग के उप संचालक श्री आशीष चन्द्राकर ने बताया कि मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में अवैध रूप से पैकेजिंग का कार्य किए जाने की जानकारी मिली थी। निरीक्षण के दौरान गोदाम में 10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टी 1305 नग, भू लक्ष्मी, महासार जैव उत्प्रेरक की 500 मिलीलीटर पैकिंग 2880 नग, वीएजीएमआई प्रोम की 8 किलोग्राम पैकिंग 5129 बोरी (40 किलोग्राम), 153 बोरी (8 किलोग्राम) खुला तथा 1880 बोरी (50 किलोग्राम पैकिंग) कच्चा माल कृषि सामग्री पाया गया। इसके अलावा मौके से 7 पैकिंग मशीन, 11 तोलक एवं 3 बोरी सिलाई मशीन भी मिली हैं।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण दल द्वारा जब्त कृषि सामग्रियों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक संचालक के प्रतिनिधि श्री नितिश चन्द्राकर एवं ग्राम अण्डा निवासी श्री अगेश्वर चन्द्राकर उपस्थित रहे।
कृषि विभाग ने बालोद जिले के किसानों से अपील की है कि वे खाद, बीज एवं कीटनाशक जैसी कृषि सामग्री केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें और सामग्री खरीदते समय उसका बिल अवश्य लें। किसानों से किसी भी गैर लाइसेंसधारी अथवा घूम-घूमकर कृषि सामग्री बेचने वाले लोगों के संपर्क में नहीं आने की अपील की गई है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि कृषकों के हितों से खिलवाड़ करने वाले लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।









