DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

वार्डवासियों की शिकायत पर विधायक संगीता सिन्हा ने किया नया तालाब का निरीक्षण

गंदगी, दुर्गंध और अतिक्रमण की समस्या पर जताई नाराजगी, कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल कार्रवाई का आग्रह

बालोद, 22 जुलाई 2026। संजारी-बालोद विधानसभा की विधायक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद बालोद के वार्ड क्रमांक-2, संजय नगर स्थित नया तालाब का निरीक्षण किया। वार्डवासियों की लगातार शिकायतों के बाद किए गए निरीक्षण के दौरान तालाब की बदहाल स्थिति, गंदगी, दुर्गंध एवं अव्यवस्था को देखकर विधायक ने नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक को बताया कि नया तालाब लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। तालाब में फैली गंदगी और आसपास के घरों का गंदा पानी सीधे तालाब में छोड़े जाने के कारण क्षेत्र में दुर्गंध एवं प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। वहीं, तालाब के आसपास बढ़ते अतिक्रमण के कारण इसकी उपयोगिता भी प्रभावित हो रही है। वार्डवासियों ने बताया कि आए दिन मवेशी तालाब में फंस जाते हैं तथा हाल ही में एक बालक भी तालाब में डूबने से बाल-बाल बचा था। इन घटनाओं के कारण क्षेत्रवासियों में भय का वातावरण बना हुआ है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि तालाब की बदहाल स्थिति एवं अन्य समस्याओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर विधायक संगीता सिन्हा ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए मौके से ही जिला कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने तालाब की तत्काल सफाई कराने, अतिक्रमण हटाने, गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि जनता की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र आवश्यक कदम नहीं उठाए जाते हैं, तो इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, पद्मिनी साहू, पार्षद रीता सोनी, धीरज उपाध्याय, सतीश यादव, किरण साहू, ललित कांवरे, वरिष्ठ नेता दाऊद खान, सत्यम टाटिया, जितेंद्र साहू, पुनीत साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page