मालीघोरी। ग्राम पंचायत दुधली के वार्ड क्रमांक 12 की पंच आरती भट्ट ने मानवता और सामाजिक संवेदना की मिसाल पेश करते हुए शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। वार्ड क्रमांक 12 निवासी हृदय राम धनकर का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके अंत्येष्टि कार्यक्रम में पंच आरती भट्ट ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 1001 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
आरती भट्ट ने बताया कि उन्होंने चुनाव के दौरान यह संकल्प लिया था कि स्वयं के खर्च से गांव की बहन-बेटियों के विवाह में 501 रुपये तथा गरीबी रेखा के अंतर्गत जीवनयापन करने वाले मृतक परिवारों के अंत्येष्टि कार्यक्रम में 1001 रुपये का सहयोग प्रदान करेंगी। इसी संकल्प के तहत उन्होंने हृदय राम धनकर के परिवार को आर्थिक सहायता दी है।
इस पहल की ग्राम पंचायत दुधली की सरपंच श्रीमती पीलेश्वरी नेताम, उपसरपंच मोहित देशमुख, पंचगण एवं ग्रामीणों ने सराहना की। पंचायत पदाधिकारियों ने विशेष रूप से आरती भट्ट के सहयोगात्मक कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े होकर सहयोग करना समाज में भाईचारे और एकता को मजबूत करता है।
ग्रामीणों एवं अन्य समाज के लोगों ने भी आरती भट्ट के इस मानवीय कार्य को अनुकरणीय पहल बताते हुए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य जनप्रतिनिधि भी जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए इसी तरह आगे आएंगे।










