DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों पर बालोद पुलिस की कार्रवाई, धारदार चाकू बरामद

बालोद। जिले में अपराधों की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना बालोद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में धारदार हथियारों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पहली कार्रवाई ग्राम झलमला सब्जी बाजार के पास की गई। यहां पुलिस ने आरोपी तुषार ठाकुर, पिता गिरधर ठाकुर, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी झलमला, थाना बालोद को बिना वैध अनुज्ञप्ति के लोहे का धारदार चाकूनुमा हथियार रखने के आरोप में पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 250 रुपये कीमत का लोहे का जंग लगा धारदार चाकूनुमा हथियार बरामद किया गया।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई बालोद-औराभाठा रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे की गई, जहां पुलिस ने आरोपी धनेश्वर कुमार ठाकुर उर्फ राजा, पिता सूरज राम, उम्र 20 वर्ष, निवासी झलमला, थाना बालोद को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 500 रुपये कीमत का प्लास्टिक मूठ सहित लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल दो धारदार हथियार जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 750 रुपये बताई गई है।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमना कानूनन अपराध है। नागरिक कानून का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध हथियार से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें। जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बालोद पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page