बालोद। जिले में अवैध शराब एवं गांजा तस्करी के खिलाफ बालोद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चौहान के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 22 जुलाई 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति देवीनवागांव खार क्षेत्र में बड़ी मात्रा में शराब लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक व्यक्ति को पकड़कर उसकी तलाशी ली।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हेमंत कुमार यादव, पिता स्व. छन्नु लाल यादव, उम्र 48 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, देवीनवागांव, थाना एवं जिला बालोद बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी में रखी 28 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब एवं 08 अध्धी देशी प्लेन शराब, कुल कीमत करीब 4,640 रुपये, बरामद की गई। आरोपी द्वारा अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से शराब बिक्री के लिए अपने कब्जे में रखे जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए शराब जब्त कर ली।
मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 375/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी हेमंत कुमार यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक देवकुमार कोर्राम, आरक्षक लक्ष्मण साहू, बनवाली साहू, संजय सोनी एवं नागेश साहू का विशेष योगदान रहा। बालोद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब एवं गांजा तस्करी सहित अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










