भाजपा जिलाध्यक्ष का कांग्रेस और ‘इंडिया गठबंधन’ पर तीखा हमला, बोले—समाधान नहीं बल्कि भ्रम और अराजकता फैलाना था विपक्ष का मकसद
बालोद, 25 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने नीट पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई कड़े कदमों की घोषणा तथा अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त किए जाने के घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस सहित ‘इंडिया गठबंधन’ के घटक दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रमों ने विपक्ष के राजनीतिक चरित्र और उसके कथित एजेंडे को पूरी तरह उजागर कर दिया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए त्वरित और कड़े कदम उठाने की दिशा में पहल की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन, दोषियों के लिए कड़ी सजा, कठोर जमानत शर्तों तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जैसे प्रावधानों वाले कानून का मसौदा तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदनशीलता और सकारात्मक रुख के बाद केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में सोनम वांगचुक ने भी सरकार के रुख पर भरोसा जताते हुए अपना अनशन समाप्त कर दिया।
चेमन देशमुख ने कहा कि यह घटनाक्रम दर्शाता है कि केंद्र की मोदी सरकार देश के छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल छात्रों के मुद्दों को लेकर राजनीति कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य समस्या का समाधान करने के बजाय देश में भ्रम और असंतोष का माहौल पैदा करना था।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को छात्रों के भविष्य और न्याय की वास्तविक चिंता होती तो वह सरकार द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए उठाए जा रहे कदमों का स्वागत करता। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने समस्या की जड़ तक पहुंचकर कठोर कानून बनाने की दिशा में पहल की, तब विपक्ष की राजनीति का वास्तविक चेहरा सामने आ गया। उन्होंने कहा कि देश का युवा जागरूक है और वह समझ सकता है कि उसके भविष्य के लिए कौन काम कर रहा है और कौन उसके नाम पर राजनीति कर रहा है।
चेमन देशमुख ने कहा कि भाजपा सरकार देश के प्रत्येक होनहार छात्र के अधिकार और भविष्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
— कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद











