टीचर्स एसोसिएशन ने डीईओ बालोद और संयुक्त संचालक दुर्ग से रिक्त पदों का विवरण सार्वजनिक करने उठाई मांग
बालोद। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला बालोद ने लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा जारी पदोन्नति शेड्यूल के अनुरूप जिले एवं संभाग स्तर पर शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की मांग की है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिलीप साहू ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी पत्र क्रमांक 491743/2026, दिनांक 30 जून 2026 के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग में जिला एवं संभाग स्तर पर रिक्त पदों पर विभिन्न संवर्गों की पदोन्नति प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश राज्य के सभी संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं।
जारी समय-सारिणी के अनुसार 30 जून तक प्रारंभिक वरिष्ठता सूची, 15 जुलाई तक अंतिम वरिष्ठता सूची तथा 10 अगस्त 2026 तक पदोन्नति की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। डीपीआई के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग के प्रचलित सेवा भर्ती नियमों के तहत विभिन्न स्तरों पर लिपिक, अलिपिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पदों पर पदोन्नति की कार्रवाई 15 अगस्त तक पूर्ण की जानी है। पदोन्नति प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए संभाग एवं जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसोसिएशन ने बताया कि जिले में संगठन की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी बालोद को पदोन्नति के संबंध में ज्ञापन सौंपकर चर्चा की जा चुकी है। वहीं संभाग स्तर पर भी संयुक्त संचालक को ज्ञापन सौंपकर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की मांग की गई है।
रिक्त पदों का विवरण तत्काल सार्वजनिक करने की मांग
डीपीआई के निर्धारित शेड्यूल के परिपालन में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला बालोद ने जिला शिक्षा अधिकारी बालोद एवं संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग से जिले एवं संभाग में पदोन्नति के लिए रिक्त पदों का अद्यतन विवरण तत्काल सार्वजनिक करने की मांग की है। संगठन ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर वरिष्ठता सूची का अंतिम प्रकाशन, दावा-आपत्ति का निराकरण, विभागीय अभिलेखों का परीक्षण एवं पात्र शिक्षकों की पदोन्नति की संपूर्ण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की मांग की है।
एसोसिएशन के अनुसार, जिला स्तर पर सहायक शिक्षक एलबी, ई एवं टी संवर्ग से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक तथा संभाग स्तर पर सहायक शिक्षक से उच्च वर्ग शिक्षक और उच्च वर्ग शिक्षक से माध्यमिक शाला प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति के लिए शिक्षक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
लंबे समय से पदोन्नति लंबित होने पर जताई चिंता
संघ का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति लंबित रहने के कारण हजारों शिक्षक एवं कर्मचारी अपने वैधानिक अधिकार से वंचित हैं। समय पर पदोन्नति नहीं मिलने से शिक्षकों के सेवा हित, वेतनमान एवं पेंशन संबंधी लाभ प्रभावित होते हैं, वहीं इसका असर प्रशासनिक व्यवस्था पर भी पड़ता है। डीपीआई द्वारा अब स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित किए जाने के बाद सभी संबंधित कार्यालयों का दायित्व है कि पदोन्नति प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
संघ ने यह भी मांग की है कि पदोन्नति प्रक्रिया को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाए तथा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि पात्र शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला बालोद ने विश्वास व्यक्त किया है कि डीईओ बालोद एवं संयुक्त संचालक दुर्ग डीपीआई के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करेंगे।
पदोन्नति प्रक्रिया निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पूर्ण करने की मांग करने वालों में जिलाध्यक्ष दिलीप साहू, प्रदेश संगठन सचिव बीरबल देशमुख, जिला संयोजक रामकिशोर खरांशु, कामता प्रसाद साहू, जिला उपाध्यक्ष शिव शांडिल्य, वीरेन्द्र देवांगन, पवन जोशी, नीलेश देशमुख, कांतु राम चंदेल, जिला सचिव नरेंद्र साहू, जिला कोषाध्यक्ष पवन कुम्भकार, जिला आईटी सेल प्रभारी हरीश कुमार साहू, शिवेंद्र बहादुर साहू, महेंद्र टांडिया, जिला महामंत्री लेखराम साहू, शेषलाल साहू, राजेश चंद्राकर, संजय ठाकुर, रवींद्र नाथ योगी, संतोष देवांगन, धीराज सिंह कस्तुरे, भूपेंद्र पांडेय, अरविंद सोनी, जगत राम साहू, रिखी ध्रुव, ब्लॉक अध्यक्ष गुंडरदेही राजेन्द्र देशमुख, ब्लॉक अध्यक्ष गुरूर सूरज गोपाल गंगबेर, ब्लॉक अध्यक्ष डौंडी गजेंद्र रावटे, ब्लॉक अध्यक्ष डौंडीलोहारा अविनाश साहू एवं ब्लॉक अध्यक्ष बालोद श्रीमती अंजुलता योगी सहित सभी पदाधिकारी शामिल हैं।








