पुस्तक विमोचन, साहित्यकार सम्मान और कवि सम्मेलन से सजेगा समारोह, प्रदेशभर के साहित्यकारों की रहेगी सहभागिता
बालोद। मधुर साहित्य परिषद्, जिला बालोद के तत्वावधान में परिषद् का 25वां स्थापना दिवस, पुस्तक विमोचन एवं साहित्यकार सम्मान समारोह 26 जुलाई 2026, रविवार को सांस्कृतिक कला मंच, ग्राम कोहंगाटोला में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दो गरिमामय सत्रों में संपन्न होगा, जिसमें साहित्य, लोककला और संगीत से जुड़े विभिन्न आयोजन होंगे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ दोपहर 1 बजे होगा। समारोह के मुख्य अतिथि प्रभात मिश्रा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा, भिलाई करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजमाता श्रीमती फुलवा देवी कांगे, कंगला मांझी धाम बघमार, डॉ. महेन्द्र ठाकुर, रायपुर, आत्माराम कोशा ‘अमात्य’, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग जिला समन्वयक राजनांदगांव, डॉ. सियाराम साहू, जिला समन्वयक खैरागढ़ तथा कु. देवकी ठाकुर, सरपंच ग्राम पंचायत कोहंगाटोला की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन मधुर साहित्य परिषद् जिला बालोद के अध्यक्ष डॉ. अशोक आकाश द्वारा दिया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. अशोक आकाश द्वारा संपादित मधुर साहित्य परिषद् जिला बालोद की वार्षिक साहित्यिक पत्रिका ‘अनहद’ का विमोचन किया जाएगा। इसके साथ ही “छत्तीसगढ़ी लोक कला अउ संगीत के छत्तीसगढ़ी साहित्य ऊपर प्रभाव” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें प्रबुद्धजन अपने विचार रखेंगे।
समारोह में साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले साहित्यकारों एवं रचनाकारों का सम्मान भी किया जाएगा। इस दौरान सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी फिल्म गीतकार विष्णु कोठारी ‘मीत’, रामानंद त्रिपाठी, बेमेतरा, अजय अमृतांशु, भाठापारा, शरद यादव ‘अक्स’, सीपत बिलासपुर, डॉ. माधवी गणवीर, डोंगरागांव, कामता प्रसाद देशलहरे, खलारी, सतीश रजक, दैनिक पत्रिका जिला रिपोर्टर, मनीष साहू, संपादक द छत्तीसगढ़ तथा डिगेन्द्र साहू, सी.जी. संगवारी को सम्मानित किया जाएगा। प्रथम सत्र का संचालन देव जोशी ‘गुलाब’, महासचिव मधुर साहित्य परिषद् जिला बालोद करेंगे, जबकि आभार प्रदर्शन देवनारायण ‘नगरिहा’ द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में भव्य कवि सम्मेलन एवं विशेष प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। कवि सम्मेलन के मुख्य अतिथि जगदीश देशमुख, प्रदेश अध्यक्ष मानस मंजूषा होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अशोक आकाश करेंगे। स्थापना दिवस के इस आयोजन को लेकर साहित्य प्रेमियों और रचनाकारों में उत्साह का माहौल है।








