पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार किया जनरल परेड का निरीक्षण, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
बालोद, 24 जुलाई 2026। जिले में पदभार ग्रहण करने के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने रक्षित केंद्र बालोद में आयोजित अपनी पहली साप्ताहिक जनरल परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्रिल, अनुशासन, वर्दी टर्नआउट एवं समग्र प्रस्तुतिकरण का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान शारीरिक फिटनेस को पुलिस कार्य का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित व्यायाम एवं प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता और तत्परता बनाए रखने के लिए शारीरिक रूप से फिट रहना बेहद आवश्यक है।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक श्री चव्हाण ने एमटी (मोटर ट्रांसपोर्ट) शाखा में उपलब्ध शासकीय वाहनों का निरीक्षण एवं जांच की। उन्होंने वाहनों की स्थिति, रखरखाव एवं उपयोगिता के संबंध में आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई के लिए शासकीय वाहनों को हमेशा बेहतर स्थिति में रखा जाना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कार्यकुशलता एवं तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर पर बेहतर समन्वय, प्रभावी गश्त व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा आमजन के साथ सकारात्मक एवं संवेदनशील संवाद बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर आयोजित जनरल परेड में डीएसपी श्रीमती श्रुति सिंह, डीएसपी श्री बोनीफास एक्का, डीएसपी श्री राजेश बागड़े, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा एवं परेड कमांडर श्रीमती रेवती वर्मा सहित जिले के विभिन्न थाना एवं पुलिस कार्यालयों से आए अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस द्वारा नियमित रूप से जनरल परेड एवं निरीक्षण के माध्यम से पुलिस बल को अनुशासित, शारीरिक रूप से फिट एवं आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित बनाए रखने का सतत प्रयास किया जा रहा है, ताकि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
“सुरक्षित बालोद – सजग बालोद” 🚔 बालोद पुलिस









