DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रेलवे स्टेशन पर मिला 9 साल का भटका बालक अब रतनपुर में पाएगा परिवार का प्यार

एक साल तक परिजनों की तलाश के बाद नहीं मिली जानकारी, बाल कल्याण समिति की पहल से धीवर परिवार में हुआ फॉस्टर केयर प्लेसमेंट

बालोद, 24 जुलाई 2026। बालोद रेलवे स्टेशन पर करीब एक वर्ष पूर्व भटकता हुआ मिला 9 वर्षीय बालक अब अपने नए परिवार के साथ सुरक्षित और स्नेहपूर्ण माहौल में जीवन की नई शुरुआत करेगा। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन में किशोर न्याय अधिनियम 2015 के तहत आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद बालक समीर (बदला हुआ नाम) का फॉस्टर केयर प्लेसमेंट बिलासपुर जिले के रतनपुर निवासी धीवर परिवार में किया गया है। अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा ने पुनर्वास संबंधी आदेश धीवर परिवार को प्रदान किया। इस दौरान अधिकारियों ने बालक एवं उसके भावी परिवार को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल, सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण भविष्य की कामना की।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व समीर नामक 9 वर्षीय बालक बालोद रेलवे स्टेशन पर भटकता हुआ पाया गया था। रेलवे पुलिस ने तत्काल बालक को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति, जिला बालोद के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद बाल कल्याण समिति ने कानूनी प्रावधानों के तहत बालक के माता-पिता एवं परिजनों की तलाश शुरू की। परिजनों तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय समाचार पत्र-पत्रिकाओं में सूचना भी प्रकाशित कराई गई, लेकिन निर्धारित अवधि तक बालक के माता-पिता अथवा परिजनों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।

परिजनों की जानकारी नहीं मिलने के बाद बाल कल्याण समिति ने बालक के सामाजिक विकास, पालन-पोषण, देखरेख और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे इच्छुक परिवार की तलाश शुरू की, जो बालक को बेहतर देखभाल, सुरक्षा और स्नेहपूर्ण वातावरण प्रदान कर सके। करीब चार माह तक लगातार किए गए प्रयासों के बाद बिलासपुर जिले के रतनपुर निवासी धीवर परिवार ने बालक के पालन-पोषण एवं देखरेख की जिम्मेदारी लेने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।

किशोर न्याय अधिनियम 2015 के तहत सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बाल कल्याण समिति जिला बालोद द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई बालोद तथा सीईएसी के सहयोग से बालक समीर का फॉस्टर केयर प्लेसमेंट धीवर परिवार, रतनपुर जिला बिलासपुर में किया गया। इस अवसर पर बालक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे उपहार भी भेंट किया गया, ताकि वह अपने नए परिवार के साथ सहजता और आत्मीयता से अपने नए जीवन की शुरुआत कर सके।

इस अवसर पर बाल कल्याण समिति बालोद के अध्यक्ष श्री कृष्णा साहू सहित समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। बाल कल्याण समिति की इस पहल से एक ऐसे बच्चे को सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण मिल सका, जो लंबे समय से अपने परिवार से दूर था। समिति के प्रयासों से बालक को अब एक नया परिवार और बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है।

You cannot copy content of this page