DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मिशन नवचेतना के तहत बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा

जिलेभर में आबकारी एक्ट के 8 प्रकरण दर्ज, 2 मामलों में अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार; 42 पौवा शराब, ₹770 बिक्री रकम और मोटरसाइकिल जब्त

बालोद, 24 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में बालोद पुलिस द्वारा “मिशन नवचेतना” के अंतर्गत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 23 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 8 प्रकरण दर्ज कर 8 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें 2 प्रकरण अवैध शराब बिक्री से संबंधित तथा 6 प्रकरण सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के पाए गए।

विशेष अभियान के दौरान थाना रनचिरई पुलिस ने ग्राम सिर्री स्थित रानी तालाब के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी हरीश सेन, पिता महेन्द्र सेन, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिर्री, थाना रनचिरई को अवैध रूप से शराब बिक्री करते गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 16 पौवा यानी 2.880 लीटर देशी मसाला शराब, ₹470 बिक्री रकम तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

इसी प्रकार थाना डौण्डी पुलिस ने सोनी मुर्गा दुकान के सामने, बाजार पारा डौण्डी में कार्रवाई करते हुए आरोपी नंद कुमार सिन्हा, पिता मंशाराम सिन्हा, उम्र 45 वर्ष, निवासी जवाहरपारा, डौण्डी, थाना डौण्डी को अवैध शराब बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 26 पौवा यानी 4.680 लीटर देशी प्लेन शराब एवं ₹300 बिक्री रकम जब्त की गई।

इसके अलावा थाना पुरूर, गुरूर एवं बालोद क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 6 व्यक्तियों के विरुद्ध भी छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के मामलों में तोरण लाल यादव निवासी रत्नाबांधा, धमतरी, सरस राम साहू निवासी भानपुरी थाना गुरूर, बाबी यादव निवासी पीपरछेड़ी थाना बालोद, देवेन्द्र ठाकुर निवासी खरथुली थाना बालोद, राघवेन्द्र साहू निवासी खरथुली थाना बालोद तथा उमेन्द्र कुमार साहू निवासी आमापारा बालोद के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 42 पौवा यानी 7.560 लीटर देशी शराब, ₹770 बिक्री रकम एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “मिशन नवचेतना” के तहत अवैध शराब, नशे एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

You cannot copy content of this page