डौण्डीलोहारा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरजपुरी परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में आम, चार, बेल, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
वृक्षारोपण का उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर को हरियाली से आच्छादित करने के साथ-साथ मरीजों, उनके परिजनों और ग्रामीणों को स्वच्छ, शुद्ध एवं प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सक प्रेम कुमार यादव, स्टाफ नर्स श्रीमती शिप्रा मानिकपुरी एवं पूर्णिमा टेकाम, फार्मेसी मुकेश राणा, कंप्यूटर ऑपरेटर धीरज दास मानिकपुरी, सफाई कर्मचारी पुष्पेंद्र कुमार करात, भूतपूर्व सरपंच पति गैंद सिंह मंडावी, ग्राम सदस्य गुरु प्रसाद भांडेकर सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम ने स्वास्थ्य सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाले समय में न केवल छाया और फल देंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रिपोर्ट: नेमन साहू, रेंगाडबरी










