DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कैंसर के इलाज की उम्मीद में आस्था के जाल में फंसी महिला, ठगों ने ऐंठे ₹13.13 लाख

टीवी पर दिखे कथित ज्योतिष संस्थान से किया संपर्क, पूजा-पाठ और इलाज के नाम पर ऑनलाइन ट्रांसफर कराई रकम; बाद में गिरफ्तारी का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप

बालोद। जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र में कैंसर के इलाज और आस्था के नाम पर कथित तौर पर ₹13.13 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कैंसर से जूझ रहे पति के इलाज और स्वस्थ होने की उम्मीद में महिला ने टीवी पर प्रसारित एक कथित ज्योतिष संस्थान से संपर्क किया था। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने इलाज और विशेष पूजा-पाठ कराने का झांसा देकर महिला से अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर करा ली।

बताया जा रहा है कि महिला ने आरोपियों को रकम देने के लिए अपना सोना गिरवी रखा, रिश्तेदारों से कर्ज लिया और बेटी की जमा राशि तक खर्च कर दी। इसके बावजूद कथित ठगों ने महिला से और रकम की मांग जारी रखी। जब महिला को ठगी का अहसास होने लगा तो आरोपियों ने कथित रूप से अलग-अलग पहचान बताकर उसे हत्या के मामले में फंसाने और गिरफ्तार कराने का भय दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

लगातार मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलने के बाद महिला ने पुलिस से मामले की शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस द्वारा बैंक खातों में हुए लेन-देन, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आस्था के नाम पर ठगी से रहें सावधान

इस घटना ने एक बार फिर लोगों को ऑनलाइन ठगी और अंधविश्वास के नाम पर होने वाले अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया है। किसी भी बीमारी के इलाज के नाम पर चमत्कार, विशेष पूजा या तंत्र-मंत्र से इलाज का दावा करने वाले अज्ञात लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। किसी भी व्यक्ति या संस्था को बिना सत्यापन बड़ी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर करने से बचें।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इलाज, पूजा-पाठ, ज्योतिष या किसी अन्य धार्मिक गतिविधि के नाम पर बड़ी रकम की मांग करता है, तो पहले उसकी सत्यता की जांच करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन ठगी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

You cannot copy content of this page