DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मुंबई में छत्तीसगढ़ की संस्कृति का परचम लहराएंगे बेमेतरा के दो युवा

बेमेतरा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित माय भारत के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए बेमेतरा जिले के स्वयंसेवक मनीष साहू और राहुल जायसवाल का चयन किया गया है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से युवाओं का एक दल तैयार किया गया है, जिसमें बेमेतरा से ये दोनों युवा प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह कार्यक्रम 12 मार्च से 18 मार्च तक महाराष्ट्र के मुंबई शहर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान चयनित युवा महाराष्ट्र की भौगोलिक बनावट, लोक संस्कृति, परंपरा और खान-पान से परिचित होंगे। वहां से लौटने के बाद ये युवा छत्तीसगढ़ के युवाओं को महाराष्ट्र की संस्कृति और जीवनशैली के बारे में जानकारी देंगे।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की टीम महाराष्ट्र में अपनी लोकसंस्कृति की प्रस्तुति भी देगी, जिससे वहां के लोग छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति को करीब से जान सकेंगे।

दोनों युवाओं के चयन पर माय भारत के उपनिदेशक नितिन शर्मा तथा मेरा युवा भारत केंद्र बेमेतरा के मास्टर ट्रेनर मनीष वर्मा सहित अन्य स्वयंसेवकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

युवा आदान-प्रदान शिविर क्या है?
भारत सरकार द्वारा आयोजित इस शिविर में दो अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे के राज्य में भेजा जाता है। वहां वे स्थानीय संस्कृति, परंपरा, भाषा और जीवनशैली को करीब से समझते हैं। इस पहल से युवाओं के बीच आपसी समझ बढ़ती है और राष्ट्रीय एकता तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलता है।

You cannot copy content of this page