बालोद, 10 मार्च 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र बालोद में 17 मार्च 2026 को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप के माध्यम से तीन निजी नियोजकों द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि प्लेसमेंट कैंप में चौहान ऑटोमोबाइल सिवनी (बालोद) द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव के 3, सर्विस एडवाइजर के 3, टेक्नीशियन के 2, ड्राइवर के 1 तथा स्पेयर पार्ट पीकर के 2 पदों पर भर्ती की जाएगी।
- सेल्स एग्जीक्यूटिव के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक तथा आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित है।
- सर्विस एडवाइजर के लिए डिप्लोमा (मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल) तथा आयु 18 से 35 वर्ष।
- टेक्नीशियन के लिए आईटीआई (डीजल मैकेनिक) तथा आयु 18 से 35 वर्ष।
- ड्राइवर के लिए न्यूनतम 10वीं पास तथा आयु 18 से 35 वर्ष।
- स्पेयर पार्ट पीकर के लिए 10वीं पास तथा आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
इसी तरह स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड रायपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तथा आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित है। वहीं कलेक्शन ऑफिसर के 10 पदों के लिए स्नातक एवं आयु 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
इसके अलावा सेफ इंटेलीजेंट सिक्योरिटी सर्विसेस भिलाई द्वारा सिक्योरिटी गार्ड (पुरुष) के 100 पद, अकाउंटेंट के 2 पद, सिक्योरिटी सुपरवाइजर (पुरुष) के 50 पद तथा टेक्नीशियन के 8 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता क्रमशः 8वीं, 12वीं, बीकॉम, स्नातक (2 वर्ष का अनुभव) तथा आईटीआई निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए आयु सीमा 20 से 40 वर्ष रखी गई है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर प्लेसमेंट कैंप में भाग ले सकते हैं।
इस संबंध में अधिक जानकारी ई-रोजगार वेबसाइट (erojgar.cg.gov.in), जिला रोजगार कार्यालय बालोद अथवा कार्यालय के दूरभाष नंबर 07749-299509 से प्राप्त की जा सकती है।
