जिला स्तरीय महिला खेल में मगरदाह की बेटियों का जलवा: कई स्पर्धाओं में जीते पदक, बढ़ाया क्षेत्र का मान



बालोद। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को सरयू प्रसाद स्टेडियम बालोद में जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम मगरदाह (ग्राम पंचायत मरदेल) की महिलाओं और बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू तथा अध्यक्षता तहसीलदार आशुतोष शर्मा ने की। इस दौरान बालोद वार्ड पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

प्रतियोगिता के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग में ग्राम मगरदाह की बालिकाओं ने अलग-अलग खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्राम पंचायत का नाम रोशन किया।

एकल खेलों में प्रदर्शन

  • कुश्ती में खिलेश्वरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
  • तवा फेंक में रेखा नरेटी द्वितीय स्थान पर रहीं।
  • भारोत्तोलन में सोनबती ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
  • इसी स्पर्धा में रेखा नरेटी और खिलेश्वरी ने भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

सामूहिक खेलों में प्रदर्शन

  • रस्साकशी प्रतियोगिता में चमेली और उनकी टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

महिला टीम की कोच एवं मैनेजर ग्राम मरदेल की शिक्षिका मोना रावत ने बताया कि उनकी टीम आगे भी लगातार प्रयास करती रहेगी और अपने गांव व क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।

इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम सरपंच एवं ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You cannot copy content of this page