बालोद। गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सिर्राभांठा में बसंती चैत्र नवरात्रि के अवसर पर ज्योति कलश स्थापना के साथ संगीतमय शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ कथामृत का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन समाजसेवी राजेश कुमार सिन्हा एवं उनके परिवार के द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वृंदावन (चीचा) के कथावाचक श्री रामदास वैष्णव महाराज शिव महापुराण की कथा सुनाएंगे, जबकि पुरोहित चोवाराम महाराज (ग्राम माहुद बी) द्वारा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक शिव सहस्त्रनाम एवं सहस्त्रनाम परायण, सुबह 8 बजे महाआरती तथा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक महायज्ञ हवन का कार्यक्रम होगा।
कथा प्रसंग के तहत 19 मार्च को महायज्ञ हवन व ज्योति कलश स्थापना, 20 मार्च को देवी चंचुला बिंदुवा कथा, 21 मार्च को शिव महिमा, रुद्रांश कथा व बेलपत्र महिमा, 22 मार्च को नारद मोह व सती प्रसंग, 23 मार्च को पार्वती तपस्या एवं शिव-पार्वती विवाह, 24 मार्च को गणेश जन्म व कार्तिकेय प्रसंग, 25 मार्च को 12 ज्योतिर्लिंगों का संक्षिप्त वर्णन, 26 मार्च को महाष्टमी हवन यज्ञ तथा 27 मार्च को रामनवमी जन्मोत्सव, पूर्णाहुति, चढ़ोत्तरी और नौ कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर नौ दिवसीय महाप्रसादी भंडारा भी रखा गया है। वहीं 24 मार्च को श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ इकाई बालोद की मानस मंडलियों द्वारा संगीतमय मानस प्रस्तुति दी जाएगी।
इसके साथ ही भारत श्री रामलीला मंडली ग्राम सतमरा द्वारा प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक रामलीला का मंचन किया जाएगा।
आयोजन की तैयारी में सिन्हा परिवार सहित ग्रामवासी जुटे हुए हैं। यह धार्मिक आयोजन स्वर्गीय सुंदरी दाई सिन्हा की कृपा से स्वर्गीय भिखारी सिन्हा, स्वर्गीय डिहारी सिन्हा, स्वर्गीय ईश्वरी सिन्हा, स्वर्गीय शिवनंदन सिन्हा एवं स्वर्गीय नकुल राम सिन्हा की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
