राजीव युवा मितान क्लब से जुड़ने के लिए पंचायतों में कर सकते हैं आवेदन, 18 फरवरी अंतिम दिन



बालोद। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित राजीव युवा मितान क्लब का शुभारंभ विगत दिनों सांसद राहुल गांधी द्वारा रायपुर आगमन के दौरान किया गया है। जिसके बाद गांव-गांव में इस क्लब से गांव के युवाओं को जोड़ने के लिए पहल शुरू हो गई है। इच्छुक युवक अपने पंचायत कार्यालय में जाकर वहां से फॉर्म लेकर भर कर इसकी सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इसके लिए जरूरी दस्तावेज में आधार कार्ड मतदाता परिचय पत्र व शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र के साथ साथ श्रम कार्ड या जॉब कार्ड व एक पासपोर्ट साइज फोटो जरूरी है। इन दस्तावेजों के साथ आप आवेदन कर सकते हैं।
युवाओं के क्लब को गौठान से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। राजीव युवा मितान क्लब का गठन और संचालन के लिए जिलों को 19.43 करोड़ रुपए की राशि भी जारी की गई है और राजीव युवा मितान क्लब के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट में 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। राजीव गांधी युवा मितान क्लब योजना के अनुसार राज्य की सभी 11 हजार 664 ग्राम पंचायतों में एक एक और प्रदेश के 169 नगरीय निकायों में जनसंख्या के अनुपात में 1605 क्लबों का चरणबद्ध तरीके से गठन होगा।

क्लब को हर साल राज्य सरकार देगी 1 लाख रुपए

प्रत्येक क्लब को प्रत्येक तीन माह में 25 हजार रुपए के मान से एक साल में एक लाख रुपए मिलेंगे। बताया जा रहा है कि राज्य में 13 हजार 269 क्लबों का गठन किया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रीस्तरीय समिति गठित होगी और राज्यस्तरीय कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे। जिला और अनुविभाग स्तर पर भी समितियां गठित की जाएंगी और जिलों के प्रभारी मंत्री जिलास्तरीय समिति के संरक्षक होंगे। प्रत्येक क्लब में 20 से 40 युवाओं को शामिल किया जाएगा। उम्र 15 से 40 वर्ष के मध्य होने की शर्त रखी गई है। राजीव गांधी युवा मितान क्लब का पंजीयन फर्म एवं सोसायटी एक्ट के तहत होगा।

कांग्रेसी भी जुटे प्रचार में

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छतीसगढ़ शासन का राज्य के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण योजना राजीव गांधी युवा मितान क्लब का शुभारंभ हो गया है। इस योजना में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए कांग्रेसी भी प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं व युवाओं को अपील कर रहे हैं। संजारी विधानसभा बालोद के विधायक संगीता भैयाराम सिन्हा के मार्गदर्शन मे युवाओ के योग्यता को आगे बढ़ाने और युवाओं को प्रोत्साहन के लिए श्री बघेल ने इस योजना का शुभारम्भ किया है। 16 फरवरी से सभी 18 से 35 साल के युवक, युवती पंचायत में सचिव के पास जाकर फॉर्म भरकर जमा कर इस योजना का लाभ ले सकतें हैं।

18 फरवरी है अंतिम तारीख

बालोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी युवा मितान क्लब का गठन करने का आदेश सभी ग्राम पंचायत स्तर एवं वार्ड स्तर पर किया है। राजीव गांधी युवा मितान क्लब में के माध्यम से आने वाले समय में खेल प्रतिभाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य एवं छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक विरासत बचाए रखने एवं अन्य गतिविधियों संचालन राजीव युवा मितान क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।राजीव गांधी युवा मितान क्लब को प्रतिवर्ष ₹100000 रुपए दिए जाएंगे। जिससे सभी क्लब क्लब के साथी अपने ग्राम स्तर पर खेल प्रतिभा पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के लिए कार्य करेंगे। जिसका पंजीयन 16 फरवरी से शुरू हो गया है एवं 18फरवरी आखरी दिन है। उन्होंने कांग्रेसियों से निवेदन किया है कि अपनी ग्राम पंचायत स्तर पर हम सब से जुड़े हुए युवा साथियों को राजीव गांधी युवा मितान क्लब से जोड़े। जिसके लिए हमें सभी साथियों को ग्राम पंचायत कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। जिसकी अंतिम तारीख 18 फरवरी 2022 है। युवा साथियों को ग्राम पंचायत में आवेदन जरूर कराएं। जिससे हमें आने वाला समय में इन सभी युवा साथियों का सहयोग मिल सके।

ये भी पढ़ें

You cannot copy content of this page