बालोद। डौंडीलोहारा ब्लॉक के सरपंचों ने डौंडीलोहारा मुख्यालय में अपनी मांगों को लेकर शासन प्रशासन के खिलाफ धरना दिया व मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपा। सरपंच संघ डौंडीलोहारा ब्लॉक एवं ग्राम वासियों द्वारा डौंडीलोहारा बाजार चौक में एक दिवसीय धरना देकर तीन मांग के लिए अलग-अलग तीन ज्ञापन पत्र मुख्यमंत्री के नाम से एसडीएम डौंडीलोहारा को दिया गया।

ये है मांगे
1- नामांतरण फौती बंटवारा का कार्य पूर्व की तरह ग्राम पंचायत को करने का अधिकार दिया जाए।
2- ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्य में सरपंचों को जनपद के कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे हस्तक्षेप को बंद किया जाए।
3- ग्राम पंचायत में विकास कार्य के दौरान निकलने वाले जलाऊ लकड़ी के लिए अधिकारी का हस्तक्षेप बंद किया जाए।
पंचायतों के जनप्रतिनिधि हम तो जनपद वालों का क्या काम है
डौंडीलोहारा ब्लाक सरपंच संघ के अध्यक्ष पोषण लाल देवांगन ने धरना सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह शिकायत लगातार प्राप्त हो रही है कि कुछ जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि यानी जनपद सदस्य अपने गांव व आसपास के क्षेत्रों से जो निर्वाचित हुए हैं वहां के पंचायतों में हस्तक्षेप करने लगे हैं। पंचायत के कार्य में अपना अधिकार जताने लगे हैं। जबकि यह पंचायती राज के विपरीत है। उन्होंने कहा कि पंचायत के जनप्रतिनिधित्व पंच और सरपंच होते हुए जनपद को अपने जनपद क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर ध्यान देना चाहिए। ना कि उन्हें पंचायत के कार्य में हस्तक्षेप करना चाहिए। इसके अलावा और भी कई परेशानी पंचायत प्रतिनिधियों को झेलनी पड़ रही है। इनका निराकरण होना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पोषण लाल देवांगन अध्यक्ष सरपंच संघ डौंडीलोहारा ब्लॉक , संघ सचिव संतराम तारम, उपाध्यक्ष उत्तम चंद साहू, पोषण साहू, श्रीमती सावित्री जगनायक, कोषाध्यक्ष संतराम पिस्दा, सह सचिव तोषण चुरेंद्र, कमलेश कुमार शर्मा , श्रीमती कविता तिवारी, संतोषी ठाकुर, उमा ठाकुर, पुष्पा साहू, लीला मानिकपुरी, डॉक्टर पुरुषोत्तम, नंद किशोर सिन्हा, भानु साहू, आशीष साहू, एवं डौंडीलोहारा ब्लॉक के सभी सरपंच गण एवं ग्रामवासी 400 के संख्या में सम्मिलित हुए।

इन्होंने दिया समर्थन
मांग के समर्थन में तुकाराम कोर्राम अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज डौंडीलोहारा ब्लॉक, देवलाल ठाकुर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, होरीलाल रावटे जिला पंचायत सदस्य , देवेंद्र जयसवाल महामंत्री बालोद, बलराम गुप्ता अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद बालोद, संदीप जैन सांसद प्रतिनिधि, रुपेश सिन्हा मंडल अध्यक्ष डौंडीलोहारा, सरपंच संघ के समर्थन में उपस्थित थे।
