DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अनजान कॉल के चक्कर में बहक रहीं लड़कियां, जिले में बढ़े महिला अपराध, सही रास्ता दिखाने पुलिस ने शुरू की कॉलेजों में जागरूकता की क्लास

बालोद। बालोद जिले में कई बार महिला अपराध इस तरह के सामने आए हैं जिसमें आरोपी दूसरे राज्यों के पकड़े गए हैं। अभी हाल ही में बालोद थाना क्षेत्र के गांव में भी 17 साल की एक लड़की के अपहरण, दुष्कर्म और तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ था तो इसके पहले भी कई ऐसे अपहरण के मामलों में लड़कियां दूसरे राज्यों से बरामद हुई है। जो जागरूकता के अभाव में अनजान लोगों से फोन कॉल या सोशल मीडिया के जरिए जुड़ जाती हैं और बहकावे में आकर उनके साथ चली जाती है। इस तरह के अपराधों को रोकने व खासतौर से स्कूल और कॉलेज की छात्राओं में जागरूकता लाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष पहल शुरू की गई है। जिसके तहत अब स्कूल और कॉलेजों में जाकर स्थानीय थाना प्रशासन द्वारा जागरूकता क्लास लगाई जा रही है। इस क्लास के दौरान थाना प्रभारी सहित महिला प्रधान आरक्षक को जिम्मेदारी दी गई है कि वे खासतौर से छात्राओं को इस तरह के अपराधों से आगाह करें। इससे होने वाले नुकसान से बचने के उपाय भी बताएं। तो वहीं जागरूकता क्लास के दौरान छात्राओं को जिले में हो चुकी घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया जा रहा है कि कहीं आपके साथ भी ऐसा ना हो इसलिए पहले से ही ऐसे अपराधों से दूर रहें ताकि किसी तरह की परेशानी भविष्य में ना झेलनी पड़े। अनजानो से दूरी, बनाने सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करने की अपील इस तरह के जागरूकता कक्षा में की जा रही है।

एसपी के निर्देशन में इसी तरह का एक जागरूकता क्लास, कार्यशाला का आयोजन गुरुर के कॉलेज में भी किया गया। जहां छात्र छात्राओं को वर्तमान में बढ़ती इस तरह की घटनाओं व अपराध के संबंध में बारीकी से जानकारी दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चंद्रवंशी थाना गुरुर के नेतृत्व में शासकीय नवीन महाविद्यालय गुरुर में महिला अपराध के रोकथाम के संबंध में पहुंच कर विस्तार से जानकारी दिया गया। जिसमें महिला संबंधी अपराध के रोकथाम के लिए निरीक्षक दिलेश्वर चंद्रवंशी, सहायक उपनिरीक्षक लोकेश्वर गंजीर , महिला प्रधान आरक्षक नर्मदा कोठारी आरक्षक शेर अली के द्वारा बारी बारी से अपहरण , बलात्कार , एसिड अटैक , चैन स्नैचिंग , व्हाट्सएप, फेसबुक , असामाजिक तत्वों द्वारा स्कूल जाने आने वाली बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ एवं घर में होने वाले घरेलू हिंसा , चोरी से बचने के उपाय , मानव तस्करी और सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दिया गया। जिसे किसी प्रकार की घटना होने से रोका जा सके। कार्यक्रम के दौरान शासकीय नवीन महाविद्यालय गुरुर के प्राचार्य खेमलाल रावटे , योगेंद्र ध्रुव , शिक्षिका सुमन एवं अन्य शिक्षक शिक्षिका तथा 400 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिसे जानकारी देने के बाद सतर्क रहने एवं आसपास में होने वाले अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने हिदायत दिया गया।

हरियाणा में प्रेमी के बुलावे पर गई थी, दिल्ली में हुआ अपहरण, रेप व तस्करी की शिकार

बता दें कि कुछ दिन पहले बालोद थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 साल की एक लड़की के अपहरण, छेड़खानी दुष्कर्म और मानव तस्करी किए जाने का बड़ा मामला सामने आया था। इस मामले में हालांकि 2 महीने की मशक्कत के बाद बालोद पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। साथ ही लड़की को भी बरामद किया है । मामले में चार से पांच और आरोपी शामिल होने की बात सामने आई। जो अभी फरार हैं। दरअसल में पुलिस ने जिसे गिरफ्तार किया वह उत्तर प्रदेश ललितपुर का रहने वाला है। जो 17 साल की नाबालिग लड़की से शादी करके उसे दुल्हन बनाकर रखा था। पर गलत तरीके से। आरोपी द्वारा लड़की को बकायदा एक व्यक्ति से ₹60000 में खरीदा गया था। यानी की दुल्हन की भी एक तरह से खरीफ फरोख्त तस्करी हुई थी। अलग-अलग जगहों पर इस लड़की के साथ अनाचार हुआ उसकी खरीद-फरोख्त व आबरू लूटी गई। इसका खुलासा पीड़िता से पूछताछ में हुआ था। पुलिस बालोद की टीम में शामिल महिला प्रधान आरक्षक नर्मदा कोठारी, भोप साहू व मुकेश देवांगन तीनों एसपी के निर्देशन पर बनी टीम में शामिल होकर लड़की की बरामदगी के लिए उत्तर प्रदेश गए हुए थे। जहां से लड़की भी मिली और साथ ही एक आरोपी रवि शंकर पिता बुद्धा राम यादव निवासी ग्राम लुहर्रा थाना मंडावरा जिला ललितपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार भी किया गया था।

इस तरह लड़की इस जाल में फंस गई

लड़की की बरामदगी के बाद निरीक्षक पदमा जगत, बालोद थाना प्रभारी मनीष शर्मा व अन्य जांच अधिकारियों के द्वारा पूछताछ की गई। आरोपी से भी पूछताछ हुई तो इसमें कई तरह के मामले सामने आए। बालोद के एक गांव से लड़की 20 अक्टूबर से लापता थी। क्योंकि मामला नाबालिग का था इसलिए इसमें अपहरण का भी केस दर्ज हुआ था। पुलिस और परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे। लेकिन कुछ सुराग नहीं मिल पा रहा था। मोबाइल नंबर भी बंद बता रहा था। लड़की ने पूछताछ में बताया कि वह अपने एक प्रेमी जो कि हरियाणा का रहने वाला है और हार्वेस्टर का चालक था, उससे मिलने के लिए घर से उसके बुलावे पर निकली थी। हार्वेस्टर वाला हरियाणा का युवक कुछ माह पहले उनके इलाके में धान कटाई के लिए आया था। इस दौरान दोनों की बातचीत हुई थी और नंबर का आदान-प्रदान हुआ था। दोनों में दोस्ती फिर प्यार हुआ और लड़की उससे मिलने हरियाणा जाने के लिए निकल पड़ी। रायपुर से वह ट्रेन में सवार हुई थी। पर हरियाणा से पहले दिल्ली पहुंचते तक कुछ असामाजिक तत्व के युवक लड़की के पीछे पड़ गए और वह डर कर भागने लगी। लड़की का अपहरण व छेड़खानी करने की कोशिश की गई। इस बीच एक युवक ने लड़की को बचाने का ढोंग किया और उसे अपने साथ ले गया। बदले में उसका मोबाइल और बैग भी रख लिया। लड़की अब दिल्ली में फंस चुकी थी तो वही हरियाणा का उसका प्रेमी का भी कोई पता नहीं था। तो इस हाल का एक युवक ने फायदा भी उठाया और उसके साथ एक हफ्ते तक अनाचार भी किया। इसके बाद लड़की को एक महिला को भी सुपुर्द कर दिया। वहां भी दूसरे लोग उसे अनाचार करने लगे। जिसके बाद आरोपी रविशंकर यादव जिसे पुलिस ने वर्तमान में गिरफ्तार किया है वह 60000 रुपये में इस लड़की को खरीद लिया और मंदिर में उससे शादी करके गृहस्थी बसा कर रहने लगा था। इस तरह कहां अपने प्रेमी से मिलने की सुध में निकली नाबालिग लड़की अनजान शहर में चमड़ी के दलालों के बीच फंस गई और अपहरण के साथ-साथ छेड़खानी दुष्कर्म और मानव तस्करी का शिकार हो गई।

You cannot copy content of this page