बालोद। विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय युवा संवाद कार्यक्रम में बालोद जिले के छात्र लक्ष कुमार साहू ने प्रभावशाली भागीदारी दर्ज कराई। यह कार्यक्रम 10 मार्च को रायपुर स्थित विधानसभा भवन में आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के लगभग 30 जिलों से आए 140 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
बालोद जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक तथा एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र लक्ष कुमार साहू ने मंच से अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट का विषय “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं का मार्ग मजबूत करना” रखा गया था। इस विषय पर लक्ष कुमार साहू ने युवाओं की भूमिका, कौशल विकास, रोजगार सृजन तथा राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति के योगदान पर विस्तार से अपने विचार रखे। उनके विचारों को कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों और आयोजकों द्वारा सराहा गया।
यह कार्यक्रम माय भारत (MY Bharat – Mera Yuva Bharat) के माध्यम से आयोजित किया गया। माय भारत भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना, उनकी नेतृत्व क्षमता को विकसित करना तथा सामाजिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, नवाचार और सामुदायिक विकास के अवसर प्रदान किए जाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग) उपस्थित रहे। वहीं माय भारत छत्तीसगढ़ के राज्य निदेशक अर्पित कुमार भी विशेष रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहे।
राज्य स्तर तक पहुंचकर बालोद जिले का प्रतिनिधित्व करना लक्ष कुमार साहू के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से बालोद जिला, राष्ट्रीय सेवा योजना जिला इकाई तथा शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हर्ष और गर्व का माहौल है।
इस अवसर पर लक्ष कुमार साहू ने मार्गदर्शन और सहयोग के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. लीना साहू, माय भारत के उपनिदेशक नीतिश शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. के. खलखो तथा रासेयो कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जी. एन. खरे सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राध्यापक और अतिथि शिक्षकों ने भी उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
