पढ़िये एक क्लिक पर जिला प्रशासन बालोद की जरूरी खबरें- अब सोमवार को लगेगी बालोद में जन चौपाल, कलेक्टर को समस्या सुनाने आ सकेंगे लोग ,,, और भी बहुत कुछ खबर जो हो आपके लिए जरूरी



बालोद- कलेक्टर जनमेजय महोबे अब प्रत्येक सोमवार को समय सीमा की बैठक के पश्चात दोपहर 12.30 बजे से जनचौपाल कार्यक्रम में जिले के आम नागरिकों से उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उसके निराकरण के लिए आवश्यक दिशानिर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को देंगे। कलेक्टर ने कहा कि जनचौपाल कार्यक्रम में आवेदकों को कोविड-19 के गाइडलाईन का पालन करना होगा।

अस्पतालों व अन्य संस्थानों में फायर सेफ्टी सिस्टम व अग्नि शमन यंत्र का निरीक्षण करें – कलेक्टर
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कहा कि जिले के अस्पतालों, नर्सिंग होम व अन्य संस्थानों में फायर सेफ्टी सिस्टम व अग्नि शमन यंत्र का समय-समय पर निरीक्षण करें। श्री महोबे संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में फायर सेफ्टी से संबधित समीक्षा बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना अधिकतर विद्युत शॉट सर्किट की वजह से होती है। विद्युत निरीक्षक यह सुनिश्चित करें कि अस्पतालों एवं अन्य संस्थानों में विद्युत आपूर्ति में कोई तकनीकी समस्या हो तो उसे तुरंत ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि एस.डी.एम. के नेतृत्व में टीम गठित कर शासकीय अस्पतालों, मातृ-शिशु विंग अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में फायर सेफ्टी से संबंधित उपकरणों की जांच कर वर्तमान स्थिति से अवगत कराएं। उन्हांेंने कहा कि निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, भीड़भाड़ वाले व्यवसायिक संस्थानों में भी जांच करें। उन्होंने नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियो को भीड़भाड़ वाले व्यवसायिक संस्थानों को चिन्हांकित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि फायर सेफ्टी संबंधित प्रशिक्षण व जागरूकता शिविर आयोजित कर आगजनी जैसी घटना होने पर बचाव के लिए मॉकड्रिल भी किया जाए। फायर सेफ्टी संबंधित उपकरणों का समय-समय पर रिफिलिंग एवं मेंटेनेंस कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अस्पताओं और नर्सिंग होम व अन्य संस्थानों को अग्नि सुरक्षा उपायों के लिए मार्गदर्शन भी दें। बैठक में एडीएम श्री विनायक शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.आर.पोर्ते, एस.डी.एम. गुंडरदेही श्री भूपेंद्र अग्रवाल, एस.डी.एम. डौण्डीलोहारा श्रीमती प्रेमलता चंदेल, एस.डी.एम. गुरुर श्रीमती रश्मि वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जे.पी.मेश्राम, सिविल सर्जन डॉ.एस.एस.देवदास सहित अन्य संबंधित अधिकारी, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आदि उपस्थित थे।

मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष शिविर 14 नवम्बर को

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अर्हता तिथि 01 जनवरी 2022 जारी किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 14 नवम्बर 2021 एवं 21 नवम्बर 2021 रविवार अवकाश के दिन विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। इस दिन अभिहित अधिकारी एवं बी.एल.ओ. अपने मतदान केन्द्र में कार्यालयीन समय तक उपस्थित रहेंगे। मतदाता अपने संबंधित मतदान केन्द्र में उपस्थित होकर निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। जो भी व्यक्ति 01 जनवरी 2022 की स्थिति में 18 वर्ष के हो गए हैं या मतदाता सूची में नाम छुट गए हैं। वे सभी पात्र व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करा सकते हैं। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अनुसार दावा-आपत्ति प्राप्त करने का अंतिम तिथि 31 नवम्बर 2021 तक निर्धारित है।

पात्र अभ्यर्थियों की वरियता सूची जारी
बालोद – उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति बालोद द्वारा संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डौण्डी, डौण्डीलोहारा, अर्जुन्दा एवं गुरूर के लिए अस्थायी रूप से संविदा शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति हेतु योग्यताधारी आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिला शिक्षा अधिकारी एवं उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव ने बताया कि लेखापाल, सहायक ग्रेड-02 एवं सहायक ग्रेड-03 संविदा पद हेतु प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र, अपात्र, निरस्त अभ्यर्थियों की सूची जिले की वेबसाईट में अपलोड किया गया था तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बालोद में अवलोकन हेतु चस्पा किया गया था। उन्होंने बताया कि दावा आपत्ति उपरांत लेखापाल, सहायक ग्रेड-02 एवं सहायक ग्रेड-03 संविदा पद हेतु पात्र अभ्यर्थियों की वरियता सूची जिले की वेबसाईट बालोद डॉट जीओवी डॉट इन में अपलोड की गई है तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सूचना पटल पर अवलोकन हेतु चस्पा किया गया है।

इधर दावा आपत्ति 17 नवम्बर तक
उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति जिला बालोद द्वारा संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डौण्डीलोहारा, डौण्डी, अर्जुन्दा, गुरूर के लिए अस्थायी रूप से संविदा शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति हेतु योग्यताधारी आवेदकों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। जिला शिक्षा अधिकारी एवं उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव ने बताया कि भृत्य एवं चौकीदार पद हेतु प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र, अपात्र, निरस्त अभ्यर्थियों की सूूची जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बालोद में अवलोकन हेतु चस्पा किया गया है तथा जिले की वेबसाईट बालोद डॉट जीाओवी डॉट इन में अपलोड किया गया है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी 17 नवम्बर 2021 रात्रि 12 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बालोद की ई-मेल आई.डी. कर्मचारीचयनडीईओ एटदरेट जीमेल डॉट कॉम पर निर्धारित प्रारूप में दस्तावेजी प्रमाण के साथ अपनी दावा आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में किया जा रहा निराकरण – कलेक्टर
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत् लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल में तहसील, नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली सेवाओं जैसे आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, नकल दस्तावेज, दुकान एवं स्थापना पंजीयन, भवन अनुज्ञा एवं पेंशन इत्यादि सेवाएॅ प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि जिले में पेंशन संबंधित सभी सेवाएॅ ऑनलाईन समय सीमा में निराकृत है। नगर पालिका, नगर पंचायत, तहसील में प्राप्त आवेदनों का भी निराकरण समय सीमा में पूर्ण किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत् प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु अधिनियम में निश्चित समय सीमा निर्धारित की गई है। जिसके भीतर सेवाओं को प्रदाय किया जाना है, जैसे कि जाति प्रमाण पत्र तीस दिवस के भीतर प्रदाय किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 05 हजार 159 आवेदन समय सीमा के भीतर है। कलेक्टर ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रदाय सेवाओं की समीक्षा सतत् रूप से समय सीमा की बैठक में की जाती है तथा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय सीमा के भीतर अनिवार्यतः किया जाए अन्यथा व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में बालोद जिला राज्य के 28 जिलों में सेवा प्रदान करने के मामले में पॉचवे स्थान पर है, जबकि बालोद जिला अपनी श्रेणी में सर्वाधिक आवेदन प्राप्त करने वाले जिलों में दूसरे स्थान (प्रति दस हजार आबादी पर 02 हजार 24 आवेदन) पर है।

ये खबर भी पढ़ें

You cannot copy content of this page