बालोद। 08 फरवरी 2026बालोद जिले में चाकूबाजी का एक नया मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन मिलने वाली पेन नाइफ से प्राणघातक हमला कर वारदात को अंजाम दिया गया। बालोद पुलिस की तत्परता से चंद घंटों के भीतर 2 आरोपियों सहित 1 विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल बजाज पल्सर आरएस 200 एवं 4 नग मोबाइल पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी धर्मेन्द्र ठाकुर (25 वर्ष), ग्राम खपरी (मालीघोरी) थाना व जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 फरवरी 2026 को वह अपने साथी प्रवीण निर्मलकर के साथ शराब दुकान आमापारा से घर लौट रहा था। आमापारा नहर नाली के पास दो मोटरसाइकिल सड़क पर खड़ी होने से रास्ता बाधित हो रहा था। प्रवीण द्वारा मोटरसाइकिल हटाने कहने पर वहां मौजूद तीन युवकों ने मां-बहन की अश्लील गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी को भी आरोपियों ने मुक्का मारकर घायल कर दिया। इसके बाद एक आरोपी ने प्रवीण को पकड़ लिया और अपने साथी को चाकू निकालकर हमला करने को कहा। आरोपी ने अपने पास रखी पेन नाइफ से प्रवीण के पेट और पीठ में 4-5 बार वार कर प्राणघातक हमला किया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बालोद में अपराध क्रमांक 67/26 धारा 296, 109, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर चंद घंटों के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अमन सोनी पिता मनेश सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड क्र. 03 कोकड़ीपारा बघमरा थाना व जिला बालोद, गुलशन साहू पिता लेखराम साहू उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम रिवागहन (बटरेल) थाना जामगांव आर. जिला दुर्ग तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल बजाज पल्सर आरएस 200 एवं 4 मोबाइल जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को 8 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बालोद श्री बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में थाना बालोद एवं साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्र.आर. योगेश सिन्हा, प्र.आर. दुर्योधन यादव, आरक्षक संजय सोनी, साइबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य, प्र.आर. भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक विपिन गुप्ता, भोप सिंह साहू, पुरन देवांगन एवं राहुल मनहरे का विशेष योगदान रहा।
इस घटना ने एक नई चिंता को जन्म दिया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध छिपे हुए हथियार जैसे पेन नाइफ अब आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल हो रहे हैं। जिले में बढ़ती चाकूबाजी और ऐसे हथियारों की उपलब्धता कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है, जिस पर सख्त निगरानी की आवश्यकता है।
खबरों और विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9755235270
एडिटर इन चीफ: दीपक यादव
डीबी डिजिटल मीडिया
