बालोद। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा जारी हालिया प्रवीण्य सूची में शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालोद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। महाविद्यालय के एम.ए. समाजशास्त्र चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र गजेंद्र ढीमर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है और गोल्ड मेडलिस्ट बनने का सम्मान हासिल किया है।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के अंतर्गत लगभग 160 महाविद्यालय संचालित होते हैं। इतने व्यापक शैक्षणिक क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करना गजेंद्र ढीमर की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे बालोद जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
महाविद्यालय परिवार ने छात्र की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. के. खलखो, प्रोफेसर जे. एन. खरे, खेल शिक्षक मनीष टोप्पो सहित समस्त प्राध्यापक एवं स्टॉफ ने गजेंद्र ढीमर की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की लगन का प्रमाण है। साथ ही छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी इसी प्रकार महाविद्यालय, जिले और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।
गजेंद्र ढीमर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए कहा कि आदरणीय डॉ. राजेश कुमार मार्कण्डेय सर और डॉ. शहनाज बेगम के मार्गदर्शन, विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरुजनों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से ही वे यह मुकाम हासिल कर सके हैं।
गजेंद्र ढीमर की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सतत परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊँचाई को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर सहपाठियों, शिक्षकों और जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।
