बालोद।जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें सुविधाजनक एवं लाभकारी खेती की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से ग्राम तमोरा में अत्याधुनिक गन्ना हार्वेस्टर मशीन का विधिवत लोकार्पण किया गया। यह मशीन जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) बालोद के वित्तीय सहयोग से दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित बालोद द्वारा किसानों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई है।
लोकार्पण समारोह में जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, पूर्व नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष श्री राकेश यादव, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक श्री पी.आर. राठिया ने मशीन की विशेषताओं एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह अत्याधुनिक हार्वेस्टर मशीन विशेष रूप से गन्ना किसानों को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराई गई है। यह मशीन गन्ना कटाई के साथ-साथ छिलाई का कार्य भी एक साथ करती है, जिससे किसानों का समय, श्रम और लागत तीनों की बचत होगी। वर्तमान में गन्ना कटाई एवं छिलाई के लिए किसानों को अधिक मजदूरों की आवश्यकता पड़ती है और इसमें काफी समय भी लगता है, लेकिन इस मशीन के उपयोग से एक ही दिन में लगभग 80 से 100 टन यानी करीब 2.50 एकड़ गन्ने की कटाई व छिलाई आसानी से की जा सकेगी।
मशीन की एक और विशेषता यह है कि कटाई के साथ ही इनफील्डर सिस्टम के माध्यम से गन्ने को सीधे ट्रैक्टर या अन्य परिवहन वाहनों में भरा जाएगा, जिससे भराई व ढुलाई की प्रक्रिया भी तेज और सरल हो जाएगी। समान रूप से कटाई होने से आगामी गन्ना फसल के लिए किसानों को रेटून (ठूंठ) प्रबंधन की अलग से जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे खेती की लागत और कम होगी।
इस मशीन के उपयोग से कटाई, छिलाई, भराई और रेटून प्रबंधन पर होने वाले खर्च में कमी आएगी और किसानों को अधिक बचत व लाभ प्राप्त होगा। इससे गन्ना उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से कृषि कार्यों में तेजी आएगी और जिले के किसान तकनीक आधारित खेती की ओर आगे बढ़ेंगे।
लोकार्पण के बाद अतिथियों एवं किसानों के समक्ष ग्राम तमोरा के 10 एकड़ गन्ना खेत में हार्वेस्टर मशीन के माध्यम से कटाई, छिलाई एवं भराई का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर किसानों में उत्साह और विश्वास बढ़ा। किसानों ने इस पहल को जिले के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे श्रम संकट की समस्या का समाधान होगा और खेती को आधुनिक दिशा मिलेगी।
गन्ना हार्वेस्टर मशीन का लोकार्पण बालोद जिले को तकनीक आधारित कृषि की ओर अग्रसर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, खेती को सरल बनाने और आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगी।
