DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

14 दिन से बोर लाइन बंद, किसानों के खेत में सूखने लगी धान, बिजली कंपनी नहीं दे रही ध्यान

बालोद /कुरदी । ग्राम मोहलाई में विद्युत वितरण कंपनी की लापरवाही के चलते 14 दिन से बोर लाइन बंद है। इससे खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। धान की फसल सूखने की कगार पर आ गई है।लगातार शिकायतों के बाद भी संबंधित अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसके बाद आज नाराज किसान स्थानीय अफसरों की अनदेखी के चलते गुंडरदेही मुख्यालय तक चले गए और वहां जेई की शिकायत करने लगे। एई ने किसानों को आश्वस्त किया कि 2 दिन में व्यवस्था सुधार देंगे। तब जाकर किसान शांत हुए और गांव लौटे। इधर किसानों ने बताया कि 14 दिन से ट्रांसफार्मर बंद है। शिकायत के बाद भी कोई देखने के लिए नहीं आ रहे हैं। सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। 

कर्मचारी आये पर सुधार नहीं पाए

शुक्रवार को कुछ कर्मचारी आए थे पर वह भी ट्रांसफार्मर को सुधार नहीं पाए और वापस चले गए। अगर 2 दिन के भीतर ध्यान नहीं दिया गया तो किसान अगला कदम उठाएंगे। किसानों ने कहा कि बिजली बिल तो मनमाना वसूला जाता है। लेकिन जब बिजली फाल्ट हो बिजली बंद हो तो उसे सुधारने को लेकर बिजली कंपनी तत्परता नहीं दिखाती है। यह हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि क्षेत्र में 13 दिन से बोर कनेक्शन लाइन बंद होने से सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इससे फसलों की ग्रोथ प्रभावित हुई है। अधिकतर किसानों ने धान ही लगाया है। आसपास 10 से ज्यादा बोर है जो 14 दिन से बंद पड़े हुए हैं। किसानों ने कहा कि हर 2 दिन हम सिकोसा बिजली ऑफिस में जाकर शिकायत करते हैं पर कोई ट्रांसफार्मर को सुधारने ध्यान नहीं देता। जेई द्वारा कहा जाता है कि आज कल में सुधारवा देंगे। पर विगत 12 दिन तक कोई आया ही नहीं था। 13वे दिन 2 कर्मचारी आए और वह भी सुधार नहीं पाए। प्रमुख रूप से किसान अमर सिंह, भूपत साहू, देवा साहू, मोरध्वज साहू, दुकसेन  साहू, चौहान, टिकेश्वर साहू, मोनेश  हिरवानी, सेवक राम साहू सहित अन्य किसानों ने बिजली विभाग की इस अनदेखी पर नाराजगी जताई।

 अब ये कह रहे जेई

किसानों की लगातार शिकायत के बाद अब सिकोसा उपकेंद्र के जेई  हुमेन्द्र कुमार  करपाल  का कहना है कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट है। शिकायत आई थी शुक्रवार को ही कर्मचारी भेजे गए थे। लेकिन उसका सुधार स्थानीय कर्मचारियों के जरिए संभव नहीं है। इसलिए अलग से टीम बुलाई जा रही है। जो परसों तक व्यवस्था सुधार लेगी।

You cannot copy content of this page