हरिवंश देशमुख, मालीघोरी– केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओ के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को सरप्लस बिजली सप्लाई के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया के विधानसभा क्षेत्र एवं निवास स्थान डौंडीलोहारा में इन दिनों विद्युत विभाग द्वारा लोड सेटिंग के नाम पर पिछले कई दिनों से बिजली सप्लाई बंद किया जा रहा है जिससे आसपास के क्षेत्र वासियों को बहुत ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, बिजली का चला जाना नासूर का काम कर रही है। वहीं विभागीय अधिकारी हर बार की तरह लोड सेटिंग और मेंटेनेंस की बात कह रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की हालत किसी से छिपी हुई नहीं है। वहीं ठंड के बाद अब दोपहर में गर्मी का एहसास होने लगा है जिससे क्षेत्र के नागरिकों को भी इन अव्यवस्थाओ का दंश झेलना पड़ रहा है। अचानक से किसी भी समय विद्युत आपूर्ति बंद कर दिए जाने से काफी परेशानी होती है। पिछले कई दिनों से घंटों बिजली सप्लाई ठप रहती है। कार्यालयीन समय में भी विद्युत आपूर्ति बंद हो जाना बाहर से आये हुए ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बन जाता है। कारण, ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और शासकीय कार्यों को लेकर जनपद मुख्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उसी समय कार्यालयों में बिजली बंद हो जाने से कार्य ठप पड़ जाता है और ग्रामीणों को बैरंग लौटना पड़ रहा है।
इस सम्बन्ध में जब डौंडीलोहारा के सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार साहू से हमने बात की तो वे लोड सेटिंग व मरम्मत कार्य चलने की बात कह रहें हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री के विधानसभा क्षेत्र एवं गृह निवास स्थान में आजकल विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। दिन में कई-कई बार लोड सेटिंग के नाम पर घंटों बिजली काटी जा रही है। ठीक जल आपूर्ति के समय बिजली बंद हो रही है। जिससे नल जल व्यवस्था भी ठप हो जा रही है। बिजली न होने से घरों में पानी न मिल पाने से भी लोग खासे परेशान है। दिन भर में कई-कई बार विद्युत आपूर्ति बंद होने से इलेक्ट्रानिक व्यवसाय से जुड़े लोगों का धंधा भी चौपट हो रहा है। क्षेत्र में बिजली की यह आंख मिचौली पिछले 10-15 दिनों से काफी बढ़ गई है।
डौंडीलोहारा उप संभाग क्षेत्र के 3 सब स्टेशन में सप्लाई बंद
डौंडीलोहारा उप संभाग क्षेत्र के 3 सब स्टेशन डौंडीलोहारा सब स्टेशन, भंवरमला सब स्टेशन एवं जूनापानी सब स्टेशन में पिछले कुछ दिनों से लोड सेटिंग के नाम पर विद्युत सप्लाई घंटो – घंटों तक बंद कर दी जाती है जिससे कई बार व्यवधान पड़ रहा है। जिससे लोगों की नींद भी उड़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या और भी भयावह है।

राजेंद्र कुमार साहू सहायक अभियंता उप संभाग डौंडीलोहारा ने कहा
ऊपर से लोड सेटिंग का कार्य चल रहा है इसलिए अभी कुछ दिनों से डौंडीलोहारा,भंवरमरा एवं जून्नापानी सब स्टेशन क्षेत्र में विद्युत सप्लाई कर रहे है। ऊपर से लोडसेटिंग कार्य चल रहा है जिसमें हम कुछ नहीं कर सकते।

श्रीमती अनिला भेड़िया,महिला एवं बाल विकास मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं विधायक डौंडीलोहारा ने कहा विद्युत सप्लाई में अगर दिक्कत आ रही है तो हम अधिकारियों से बात करते हैं कि विद्युत सप्लाई में दिक्कतें क्यों हो रही है। क्यों बंद किया जा रहा है।
