निपानी में मीना साहू हत्याकांड का हुआ खुलासा: साउथ मूवी में बहू के कारण पारिवारिक विवाद पर चल रहा था सीन, बहु को समझा रहा था जेठ तो करने लगी गाली गलौज, गुस्से में आकर सिर फर्श पर पटक कर दी हत्या, देखिए पूरी कहानी



आरोपी विजय के द्वारा मृतिका के बाल पकड़ सिर को जमीन में पटक कर की गई थी हत्या, नहीं हुआ था किसी हथियार का इस्तेमाल

बालोद । बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम निपानी में विगत दिनों घर पर हुई एक महिला मीना साहू उर्फ़ रामबती की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। हत्यारा कोई और नहीं उनके घर के बगल में ही रहने वाला परिवार का ही सदस्य उनका जेठ विजय साहू निकला है । दरअसल में इस परिवार में घटना की रात को मृतिका गोल्डमाइन्स नामक चैनल पर एक साउथ की फिल्म देख रही थी। इस दौरान बहू के कारण पारिवारिक विवाद का एक सीन चल रहा था। इस सीन को पास में ही खड़ा जेठ भी देख रहा था। उसे लगा कि इस सीन के जरिए वह अपनी भाई-बहु को समझाएगा कि किस तरह बहू के कारण विवाद होता है। ऐसा परिवार में नहीं होना चाहिए ।वह उसे समझाने का प्रयास कर रहा था। पर मृतिका ने गाली गलौज शुरू कर दिया। गुस्से में आकर फिर जेठ ने बाल पकड़ कर उसे पलंग से नीचे गिरा दिया और फर्श पर कई बार सिर पटक उसकी हत्या कर दी। इस तरह जेठ ने अपने भाई की पत्नी को बिना किसी हथियार के बाल पकड़कर सिर जमीन पर पटक कर हत्या की थी।

पुलिस द्वारा शुरू से ही परिवार के सदस्यों पर संदेह जताया जा रहा था। शक की सुई परिवार के लोगों पर ही अटकी हुई थी। सभी परिजनों से अलग-अलग बयान लिए जा रहे थे। इस दौरान आरोपी अपना बयान बदल रहा था और गोल-गोल जवाब दे रहा था। जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्या उसके द्वारा किया जाना पाया। शनिवार को प्रेस वार्ता के जरिए मामले में एसपी ने खुलासा किया।

इस तरह हुई थी घटना, पति गया था सांस्कृतिक कार्यक्रम में, दूसरे दिन मिली घटना की जानकारी

ज्ञात हो कि 14 अप्रैल को सुबह मोबाईल से पुलिस को सूचना मिला कि ग्राम निपानी में एक महिला रामबती (मीना) साहू की संदेहास्पद मृत्यु हो गई है। आसपास खून बिखरे पड़े है। सूचना पाकर ग्राम निपानी घटना स्थल जाकर पुलिस ने छानबीन शुरू की। देखने पर हत्यात्मक प्रकृति का पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर, एफएसएल एवं डॉग टीम को बुलाया गया। मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया । मृतिका के पति रामेश्वर साहू के द्वारा बताया कि वे 12 अप्रैल को लोक कला नाचा पार्टी में काम करने ग्राम बुची भरदा के बाद 13 अप्रैल को भानुप्रतापुर के ग्राम अतामार में कार्यक्रम दे रहे थे। कार्यक्रम के दौरान काल नही उठा पाया। सुबह सुबह मेरे साथियों ने बताया कि तुम्हारे घर से फोन आया था, जल्दी चलना है कोई घटना हो गया है। तो वह अपने साथियों के साथ उनके वाहन में बैठकर निपानी आ गया, तो देखा कि घर के बेटियां और परिवार के अन्य लोग रो रहे थे। मेरे घर में पुलिस वाले भी आये थे। मुझे देखकर मेरी बेटी मम्मी बोलकर रोने लगी तब उनके पिता और बेटियों ने घटना की जानकारी दी। पति ने बताया कि 13 अप्रैल को पत्नि घर पर थी। मेरे दोनो बच्चे, मेरे दोनो भाभियां तथा बच्चे गांव के परिवार में लुगरा चुड़ी लेकर एक कार्यक्रम में दिन को बाहर चले गये थे। घर पर मेरे पिता माता जिनको लकवा मार दिया है तथा मेरा बड़ा भाई विजय साहू, उनकी बेटी मुस्कान घर में थे। रात्रि में करीबन 8 बजे मेरी पत्नि ने मेरे पापा और मां को खाना खिलाकर टीवी देख रही थी। हम सभी भाई अलग अलग अपने अपने हिस्से के मकान रूम में रहते है। मेरे पिता जी को खाना खिलाने के बाद पिता को उनके कमरे में भेज दिये, और पिता तथा मेरे बड़े भाई विजय, भतिजी माता को लकवा होने से देखरेख करने के लिए उनके कमरा में रात्रि 9 बजे सो गए। लगभग 12 बजे रात्रि को मेरी बेटी पायल और गुंजन अपने बड़ी मम्मी लोग व अन्य बच्चों के साथ वापस घर आए। मेरी बेटिया घर के अंदर गई तो देखी घर का दरवाजा खुला हुआ था, मेरी पत्नि अपने कमरा में फर्स में लेटी थी। आसपास खून ज्यादा दिखने से जल्दी से अपनी बड़ी मम्मी और बड़े पापा विजय साहू, दादा को जगाये और घर का लाईट जलाकर देखे तो मेरी पत्नि मुंह के बल जमीन पर लेटी पड़ी थी, आसपास बहुत खून बिखरा पड़ा हुआ था, तब मेरे पिता जी ने गांव के सरपंच व पड़ोस के लोगो को बुलाया, देखे मेरी पत्नि की मृत्यु हो गई थी, मेरी पत्नि रामबती साहू को किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर के अंदर प्रवेश कर उसे मारपीट कर चोट पहुंचाकर हत्या कर दिया था। प्रार्थी रामेश्वर साहू पिता श्याम लाल साहू उम्र 35 वर्ष निवासी निपानी थाना व जिला बालोद के रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 169/2025 धारा 103(1), 332 बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया था।तत्काल घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक बालोद एस आर भगत , एएसपी अशोक जोशी, मोनिका ठाकुर ,एसडीओपी बालोद देवांश सिंह राठौर पहुंचे।

अज्ञात आरोपी को पकड़ने के लिए बनी थी इस तरह की टीम

एफएसएल की टीम , डाग स्काट की टीम पहुंची। घटना को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल थाना बालोद की टीम व टेक्निकल हेतु सायबर सेल बालोद की टीम गठित की। जिसका नेतृत्व एसडीओपी बालोद देवांश सिंह राठौर, थाना बालोद प्रभारी रविशंकर पाण्डेय, व सायबर सेल प्रभारी जोगेन्द्र साहू व सउनि धरम भुआर्य के द्वारा की जा रही थी। अज्ञात आरोपी पता तलाश हेतु दो टीम बनाई गई थी। एक टीम घर के सदस्यों की तस्दीक कर रही थी, दूसरी टीम गांव में कैंप कर पता तलाश कर रही थी। गांव के कैमरा, आसपास के लोगो से पुछताछ के दौरान व घर के जेठ आरोपी विजय साहू का पुछताछ करने पर गोल मोल जवाब व हर बार अलग अलग जवाब दे रहा था चूंकि हत्या का आरोपी मृतिका का ही परिजन था इस कारण पुलिस को पाइंटेड कर आरोपी की पहचान करने में परेशानी हो रही थी।

बार-बार पूछताछ से टूट गया आरोपी जेठ,बताया कैसे की हत्या?

बार बार पुछताछ के बाद टूट कर आरोपी जेठ विजय साहू ने बताया कि उसने किस तरह से अपने भाई की पत्नी की हत्या की। बताया कि मृतिका रामबती साहू का 13 अप्रैल के रात्रि 9 से 10 बजे के मध्य घर में टीवी देखने के दौरान मुवी में घर के लोगो के द्वारा समझाना देखकर अपने खुद के घर में भी परिवारिक विवाद अपनी बहू रामबती के द्वारा करना होने से बात करने हेतु जाना और मृतिका से पुछने पर मृतिका के द्वारा गाली गलौच करने से आक्रोश में आकर हत्या करने की नियत से मृतिका को बैठी पलंग से हाथ को खींचकर जोर से जमीन पर पटकना, जिससे माथे पर चोट आना और फिर से उठने पर हाथ को पकड़कर दूसरी ओर पटकना और फिर मृतिका के बाल को जमकर पकड़कर तीन चार बार माथे को जोर से जमीन पर पटक कर मारकर वहां से भाग जाना बताया। घटना करने के पश्चात आरोपी के द्वारा साक्ष्य छुपाने के नियत से अपने हाथ पैर और कपड़े चप्पल को धोना बताया व घर के परिवार आने से एक्टिंग करना बताया। आरोपी के घटना दिनांक को पहने कपड़े चप्पल को जप्त की जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इनकी रही अहम भूमिका

उक्त प्रकरण में आरोपी को पकड़ने में एसडीओपी बालोद देवांश सिंह राठौर, थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, सउनि धरम भुआर्य, प्र.आर. दुर्याधन यादव, आरक्षक बनवाली साहू, संजय सोनी, नागेष साहू,आकाश दुबे मोहन कोकिला म.आर. लक्ष्मी पटेल, ममता ठाकुर व सायबर सेल बालोद से उप. निरी जोगेन्द्र साहू, प्र.आर. रूमलाल चुरेन्द्र, भुनेष्वर मरकाम, विवेक शाही आरक्षक राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता, आकाश सोनी मिथलेश यादव पूरन देवांगन गुलजारी साहू , व सायबर सेल व थाना के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा ।

संबंधित खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page