DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

निपानी में महिला की घर पर हत्या के मामले में शक की सुई परिवार वालों पर ही अटकी! पुलिस कर रही संदेहियों से पूछताछ, पहले भी महिला को प्रताड़ित कर चुके हैं परिवार के लोग, मायके पक्ष ने की उचित जांच की मांग, विधायक भी पहुंची हाल जानने

बालोद। बालोद ब्लाक के ग्राम निपानी में 35 वर्षीय महिला मीना उर्फ रामबती साहू की सिर पर गंभीर वार कर की गई जघन्य हत्या के मामले में बालोद पुलिस अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सभी पहलुओं पर छानबीन जारी है। तो वही संदेहियों से भी पूछताछ रही है। पहले शक की सुई परिवार के लोगों पर ही अटकी हुई है। इस घटना में कई सवाल सामने हैं। जिन्हें सुलझाने का प्रयास पुलिस कर रही है । जिस घर में महिला की हत्या हुई उसी के दीवार से लगे हुए परिवार के अन्य सदस्यों का घर है। सोचने वाली बात है कि इतनी बड़ी हत्या हुई और बगल में रहने वाले लोगों को इसकी भनक तक ना लगी। ऐसे में पुलिस को पहले संदेह रात में आसपास रहने वाले परिवार के सदस्यों पर ही है। तो वही उनके पति से भी पूछताछ की गई है कि वह वास्तव में नाचा कार्यक्रम में गए थे कि कहीं और थे? इस तरह सभी संदेहियों और परिजनों से अलग-अलग बयान लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर भी एक अनुमान लग जाएगा की हत्या कितने घंटे पहले हुई होगी। पुलिस को करीब रात 2 बजे इस मामले की जानकारी मिली प्रारंभिक जांच में बात आई है कि घटना 11 से 12 बजे के बीच की है। परिवार में उनके बच्चे और कुछ सदस्य किसी रिश्तेदार के षष्ठी कार्यक्रम में गए थे। जो 11 बजे के बाद घर लौटे और बेटी द्वारा ही पहले लाश देखने पर घटना की जानकारी हुई। गांव में जन चर्चा है कि पहले भी उक्त महिला को परिवार के ही लोगों द्वारा काफी प्रताड़ित किया गया था। कई बार उसके साथ मारपीट की घटना हो गई थी। विगत 10 अप्रैल को भी उनके पति द्वारा उन्हें बेदम पीटे जाने का मामला सामने आया था। जिस पर अपनी जान बचाते हुए घर से पेटिकोट और ब्लाउज में ही भागते हुए महिला कोटवार और पंचायत तक पहुंची थी और न्याय की गुहार लगाई थी। पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा महिला के पति को समझाइश दी गई थी कि इस तरह मारपीट मत किया करो। उनकी पत्नी ने उस समय पुलिस में शिकायत करने की बात कही थी। लेकिन आपसी समझाइश के बाद मामला शांत हो गया था और कही थी कि अगर इसके बाद मेरे साथ इस तरह की मारपीट की घटना होती है तो मैं थाने में शिकायत करुंगी। गांव तक मामला निपट गया था। अब इस घटना के तीन दिन बाद इस तरह महिला की हत्या हो जाना सभी को शक के कटघरे में खड़ा कर रहा है। पुलिस द्वारा फिलहाल इस मामले में मीडिया में कोई खुलासा नहीं किया जा रहा है ताकि जांच प्रभावित न हो और हत्यारे अलर्ट ना हो जाए। इस घटना में एक से अधिक आरोपी भी होने की आशंका है। हत्या से संबंधित हथियार भी घटनास्थल पर नहीं मिले हैं। डॉग स्क्वायड की टीम भी छानबीन कर रही है तो वही ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। महिला के मायके पक्ष वालों ने भी मामले में ससुराल पक्ष के लोगों पर संदेह जताते हुए उचित जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।

घटना की जानकारी पर विधायक भी पहुंची हाल जानने

वहीं निपानी में हुई उक्त 35 वर्षीय महिला मीना साहू की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की जानकारी मिलने पर बालोद विधायक संगीता सिन्हा मृतका के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंची थी और घटना के संदर्भ में जानकारी ली। परिवार से मिलकर ढाढस बंधाया और दोषी को सख्त सजा दिलाने की बात कही। इस मौके पर जनपद सदस्य हुलसी साहू, ब्लाक महामंत्री ऐनुराम साहू के सहित ग्राम के स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

संबन्धित खबर

You cannot copy content of this page